spot_img
Homeमहाराष्ट्रगोराई-मनोरी और उत्तन की बदलेगी तस्वीर, 35 साल बाद नई विकास योजना...

गोराई-मनोरी और उत्तन की बदलेगी तस्वीर, 35 साल बाद नई विकास योजना की तैयारी

मुंबई। (सं.भा.) समुद्र किनारे बसे गोराई, मनोरी और उत्तन क्षेत्र की तस्वीर आने वाले वर्षों में बदल सकती है। करीब साढ़े तीन दशक से विकास संबंधी प्रतिबंधों और पुरानी नियोजन व्यवस्था के दायरे में आने वाले इन इलाकों के लिए अब नई विकास प्रारूप योजना तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने 17.12 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र के विकास का नया खाका तैयार करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए नागरिकों से 60 दिनों के भीतर आपत्तियां और सुझाव आमंत्रित किए हैं। नई योजना से हजारों पुश्तैनी मकानों, पर्यटन स्थलों और बड़े भूखंडों के भविष्य पर महत्वपूर्ण असर पड़ सकता है।

 

महानगरपालिका के अधिकारियों के अनुसार, गोराई-मनोरी और उत्तन क्षेत्र में पिछले 35 वर्षों से लागू विकास प्रारूप में बदलाव की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। यहां बड़ी संख्या में ऐसे परिवार रहते हैं, जिनके मकान कई पीढ़ियों से बने हुए हैं। इस क्षेत्र के गैर-विकास क्षेत्र (एनडी जोन) में करीब 21 हजार मकान मौजूद हैं। वहीं, गोराई-मनोरी में 21 हजार से अधिक ग्रामीणों के रहने की जानकारी सामने आई है। लंबे समय से निर्माण संबंधी पाबंदियों के कारण स्थानीय नागरिकों को अपने मकानों के विस्तार और जमीन के विकास में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

 

इस इलाके की पहचान केवल आवासीय बस्तियों तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यटन और मनोरंजन के प्रमुख केंद्र के रूप में भी इसकी अलग पहचान है। यहां 700 एकड़ से अधिक जमीन पर एस्सेल वर्ल्ड, ग्लोबल विपश्यना पगोडा, सन बीच सहित कई बड़े रिसॉर्ट, बंगले और फार्म हाउस बने हुए हैं। नई विकास योजना लागू होने के बाद इन क्षेत्रों में जमीन के इस्तेमाल, निर्माण की अनुमति और भविष्य की विकास संभावनाओं को लेकर स्थिति अधिक स्पष्ट होने की उम्मीद है।

 

महानगरपालिका के अनुसार, प्रस्तावित विकास प्रारूप में तटीय विनियमन क्षेत्र (सीआरजेड) के अंतर्गत आने वाली जमीनों का वर्गीकरण महत्वपूर्ण रहेगा। इसके तहत यह निर्धारित किया जाएगा कि कौन-सा इलाका सीआरजेड-I, सीआरजेड-II, सीआरजेड-IIIए और सीआरजेड-IIIबी की श्रेणी में आएगा। इन श्रेणियों के आधार पर संबंधित क्षेत्रों में निर्माण और विकास गतिविधियों के लिए लागू नियम तय होंगे।

 

गौरतलब है कि वर्ष 2019 के सीआरजेड नियमों के तहत कुछ क्षेत्रों में निर्माण प्रतिबंध की सीमा 200 मीटर से घटाकर 50 मीटर कर दी गई है। इस बदलाव से मढ, मार्वे और गोराई जैसे समुद्र तटीय इलाकों में विकास की नई संभावनाएं पैदा हुई हैं। हालांकि, निर्माण की अनुमति संबंधित जमीन के सीआरजेड वर्गीकरण और अन्य कानूनी शर्तों पर निर्भर करेगी।

 

नई विकास प्रारूप योजना को लेकर महानगरपालिका ने स्थानीय निवासियों, जमीन मालिकों और अन्य संबंधित पक्षों को अपनी आपत्तियां एवं सुझाव दर्ज कराने का अवसर दिया है। निर्धारित 60 दिनों की अवधि में प्राप्त सुझावों पर विचार करने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। माना जा रहा है कि करीब 35 साल बाद होने वाला यह बदलाव गोराई-मनोरी और उत्तन क्षेत्र के नियोजित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। इसके साथ ही स्थानीय नागरिकों के पुश्तैनी मकानों, पर्यटन व्यवसाय और जमीनों के भविष्य को लेकर भी नई तस्वीर सामने आएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com