मुंबई (सं.भा.) मुंबई में बढ़ते अवैध गतिविधियों और देर रात तक चल रहे बार संस्कृति को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। पुलिस और प्रशासन की सख्ती के दावों के बीच कई जगहों पर खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, जिससे स्थानीय नागरिकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
मालाड पश्चिम के एस.वी. रोड स्थित ‘मूड बार’ इन दिनों फिर चर्चाओं में है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यहां देर रात तक तेज संगीत, डांस और महफिलों का दौर चलता है। भोजपुरी गानों पर ठुमकों के साथ देर रात तक चलने वाली गतिविधियों से आसपास के रहिवासी परेशान हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति होने की चर्चा है।

सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आ रही है कि बार संचालक कथित तौर पर खुलेआम यह दावा करता फिर रहा है कि उसने “नीचे से लेकर ऊपर तक सेटिंग” कर रखी है, इसलिए उस पर कोई कार्रवाई नहीं होती। अब इलाके में यह सवाल तेजी से उठ रहा है कि आखिर वह किन अधिकारियों और लोगों के दम पर इतने बेखौफ तरीके से बार चला रहा है।
सूत्रों के अनुसार, पहले जोन-11 में तत्कालीन डीसीपी संदीप जाधव के कार्यकाल में बीयर बारों पर लगातार कार्रवाई होती थी, जिससे बार संचालकों में डर का माहौल था। लेकिन अचानक कार्रवाई बंद होने के बाद फिर से कई बारों में देर रात तक गतिविधियां शुरू हो गईं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि बार संचालक सच में “ऊपर तक सेटिंग” होने का दावा कर रहा है, तो पुलिस प्रशासन और संबंधित विभागों को तत्काल जांच कर सच्चाई सामने लानी चाहिए। लोगों का मानना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो इलाके में अवैध गतिविधियों को और बढ़ावा मिलेगा।
कैप्शन
अगली स्टोरी में पढ़िए :
डांस के शौक ने कैसे खुलवा दिया ‘मूड बार’?
कौन है ‘मूड बार’ का संचालक, जो करता है बड़े राजनीतिक रसूख का दावा?
क्या है ‘मूड बार’ के पीछे का पूरा राज और किसके संरक्षण में चल रहा है खेल?


