फतेहपुर (सं.भा.) प्रेम प्रसंग की कहानी उस समय खूनी अंजाम तक पहुंच गई, जब एक युवक और विवाहित महिला के बीच कथित संबंधों से नाराज पति ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रच डाली। गुमशुदगी के रूप में दर्ज इस मामले का खुलासा होने पर सामने आई वारदात ने पुलिस और स्थानीय लोगों को भी हैरान कर दिया।फतेहपुर जिले के थाना बकेवर क्षेत्र के टिकरा गांव निवासी विजय निषाद 8 मई को घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि विजय का हमीरपुर जिले के मनकी गांव निवासी एक विवाहित महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी संबंध को लेकर महिला का पति विजय से रंजिश रखने लगा था।
पुलिस के मुताबिक, पति-पत्नी ने मिलकर विजय की हत्या की योजना बनाई। आरोप है कि महिला ने फोन कर विजय को अपने घर बुलाया, जहां पहले से मौजूद उसके पति ने लकड़ी के चौखट से सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने शव को घर में छिपा दिया और खून के निशान मिटाने का प्रयास किया।
जांच में यह भी सामने आया कि रात के अंधेरे में शव को ठिकाने लगाने के लिए आरोपियों ने उसे बोरे में भरकर कानपुर नगर जनपद के रेउना थाना क्षेत्र के जंगल में ले जाकर जला दिया। पहचान छिपाने के लिए मृतक के दस्तावेज, मोबाइल फोन, चश्मा, जूते और अन्य सामान भी अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिए गए।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी कामता प्रसाद निषाद और उसकी पत्नी किरन देवी को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर मानव कंकाल के अवशेष सहित कई अहम साक्ष्य बरामद किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि प्रेम प्रसंग से उपजे विवाद ने इस सनसनीखेज हत्याकांड को जन्म दिया। आरोपियों ने हत्या के बाद सबूत मिटाने की पूरी कोशिश की, लेकिन पुलिस की जांच में पूरा मामला उजागर हो गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


