मुंबई (सं. भा.) : कांदिवली पश्चिम के चारकोप स्थित बंदर पखाड़ी के साईं बाबा मंदिर में लगी आग की गुत्थी सुलझाने में चारकोप पुलिस कामयाब रही है। यह आग लगी नही बल्कि लगाई गई थी जिसमें तीन लोगों की जलने से मौत हुई है। इस मामले में 20 वर्षीय आरोपी भावेश चान्दूरकर के साथ उसके एक नाबालिग दोस्त को धारा 302, 436, 141, 34 के तहत गिरफ्तार किया है। मनसे के चारकोप विभाग अध्यक्ष दिनेश सालवी ने पुलिस और मनपा अधिकारियों को पत्र लिख कर इस घटना के पीछे किसी की सोची समझी साजिश होने का आरोप लगाया था।

गौरतलब है कि बन्दर पखाड़ी में बने साईं बाबा के मंदिर में शनिवार की रात को सुभाष खोडे, युवराज पवार और महेश उर्फ मोनू गुप्ता सो रहे थे। सुबह 4 बजे के करीब वहां आग लग गई। ग्रिल में ताला लगा होने के करण तीनों बाहर नही निकल सके और उनकी जलने से मौत हो गई थी। उत्तर प्रादेशिक विभाग के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त दिलीप सावंत ने बताया कि मृतक युवराज पवार और आरोपी भावेश चान्दूरकर के बीच एक- डेढ़ साल से विवाद चल रहा था। युवराज ने धारदार हथियार से भावेश पर हमला कर घायल कर दिया था। उस दौरान डर कर भावेश और उसके परिवार ने पुलिस स्टेशन में उस मामले की शिकायत नही की थी। शनिवार की शाम को भी युवराज ने भावेश से सिगरेट लाने के लिए बोला। भावेश के मना करने पर उसने उसे थपड़ जड़ दिया था। भावेश इस घटना से इतना गुस्सा हुआ की उसने युवराज को सबक सिखाने की ठान ली। उसने इस बात की जानकारी समता नगर पुलिस स्टेशन की हद्द में रहने वाले अपने नाबालिक दोस्तो को दी और अपने प्लान में शामिल कर लिया। देर रात को भावेश ने अपने ऐक्टिवा से 5 लीटर पेट्रोल एक कैन में निकला। सुबह 4 बजे के करीब उसने मंदिर के अंदर पेट्रोल उडेल कर आग लगा दी। वहां रखे हॉट ऐण्ड कूल वॉटर फिल्टर में आग लगने से विस्फोट हो गया पुरा मंदिर आग की लपटों में घिर गया। इस घटना में भावेश के हाथ और पैर भी बुरी तरह जल गए। दिलीप सावंत ने बताया कि घटना की जांच डीसीपी विशाल ठाकुर के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेंद्र सातपुते, पुलिस निरीक्षक घनश्याम नायर, पुलिस उपनिरीक्षक विजय सावंत आदी कर रहे थे। उस दौरान उन्हें भावेश के घर से लापता होने की जानकारी मिली। बाद में उसके औरंगाबाद के वैजापुर में अपने रिश्तेदार के घर में छुपे होने की जानकारी मिली। कल उसे वहां से गिरफ्तार कर लाए जाने के बाद उसके नाबालिग दोस्त को भी गिरफ्तार कर लिया गया।


