ठाणे (सं.भा.) मुंबई से सटे ठाणे जिले के भिवंडी इलाके में एक गिफ्ट बनाने वाली कंपनी के गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बाबला कंपाउंड स्थित अमजदिया रोड पर लगी इस आग में गोदाम में रखा बड़ी मात्रा में सामान जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार, आग इमारत की दूसरी मंजिल पर बने पतरे के शेड वाली यूनिट में लगी। आग लगते ही आसपास के लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि फायर ब्रिगेड की गाड़ियां करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचीं, जिसके कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यूनिट में गिफ्ट बनाने का काम किया जाता था और अंदर बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने से आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सुरक्षा के मद्देनजर कई लोग अपने घरों और दुकानों से बाहर निकल आए।
मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।


