मुंबई। अश्लील फ़िल्में बनाने और डिस्ट्रीब्यूट करने से जुड़े मामले में बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा फिलहाल जमानत पर हैं। करीब 60 दिनों तक जेल में रहने के बाद बाहर आए कुंद्रा ने पहली बार पोर्नोग्राफी मामले में अपना ऑफिशियल स्टेटमेंट जारी किया है। उन्होंने कहा कि मामला अभी विचाराधीन है लेकिन दुर्भाग्य से मीडिया ने मुझे और मेरे परिवार को पहले ही “दोषी” घोषित कर दिया। राज कुंद्रा ने अपना स्टेटमेंट जारी करते हुए कहा, “बहुत चिंतन के बाद मुझे लगा कि तमाम भ्रामक और गैर-जिम्मेदाराना बयानों और कई आर्टिकल्स पर मेरी चुप्पी को कमजोरी समझा जा रहा है। मैं कहना चाहता हूं कि मैं अपनी लाइफ में कभी भी “पोर्नोग्राफी” के प्रोडक्शन और डिस्ट्रिब्यूशन में शामिल नहीं हुआ हूं। यह पूरा प्रकरण कुछ और नहीं बल्कि एक विच हंट है।
ये मामला विचाराधीन है इसलिए मैं स्पष्ट नहीं कर सकता, लेकिन मैं मुकदमे का सामना करने के लिए तैयार हूं और न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है, जहां सच्चाई की जीत होगी। हालांकि, दुर्भाग्य से मुझे मीडिया और मेरे परिवार द्वारा पहले ही “दोषी” घोषित कर दिया गया है और मुझे विभिन्न स्तरों पर अपने मानवीय और संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन करते हुए लगातार बहुत दर्द का सामना करना पड़ा है। ट्रोलिंग/नकारात्मकता और लोगों की घृणा बढ़ती ही जा रही है। राज कुंद्रा ने आगे लिखा कि मैं शर्म से अपना चेहरा नहीं छिपाता, लेकिन चाहता हूं कि इस निरंतर मीडिया ट्रायल के साथ मेरी प्राइवेसी में कोई दखल न हो। मेरी प्राथमिकता हमेशा से मेरा परिवार रहा है, इस मोड़ पर और कुछ भी मायने नहीं रखता है, मेरा मानना है कि हर व्यक्ति को सम्मान के साथ जीने का अधिकार है और मैं यही अनुरोध करता हूं। इस स्टेटमेंट को पढ़ने के लिए समय निकालने और अब से मेरी निजता का सम्मान करने के लिए धन्यवाद।”


