पणजी (सं.भा.) : गोवा की राजधानी पणजी में सोमवार को पश्चिमी क्षेत्रीय परिषद की 28वीं बैठक केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पश्चिमी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश से जुड़े अंतरराज्यीय मुद्दों, विकास, केंद्र-राज्य समन्वय और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा हुई। बैठक में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार, गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल तथा दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव के प्रशासक प्रफुल्ल के. पटेल सहित केंद्र और राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में अमित शाह ने कहा कि पश्चिमी क्षेत्र देश के आर्थिक विकास की धुरी है और भारत की आर्थिक रफ्तार को आगे बढ़ाने में महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि संपदा और वित्त, निर्यात और बंदरगाह, स्टार्टअप और सेमीकंडक्टर, पर्यटन तथा ब्लू इकोनॉमी जैसे क्षेत्रों में पश्चिमी क्षेत्र देश का नेतृत्व कर रहा है। वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में भारत की 7.8 प्रतिशत आर्थिक वृद्धि को उन्होंने गर्व का विषय बताया।
शाह ने कहा कि 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रशासनिक सुधारों से देश की अर्थव्यवस्था को गति मिली है। उन्होंने पश्चिमी राज्यों से विकास की इस रफ्तार को और मजबूत करने का आह्वान किया। गोवा के योगदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि छोटे भौगोलिक क्षेत्रफल के बावजूद पर्यटन, प्रति व्यक्ति आय और खनन के कारण राज्य का आर्थिक योगदान उल्लेखनीय है। गोवा में हर वर्ष एक करोड़ से अधिक पर्यटक आते हैं और पर्यटन राज्य के सकल घरेलू उत्पाद में करीब 16 प्रतिशत योगदान देता है।
महाराष्ट्र और गुजरात की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र में 33,872 स्टार्टअप हैं, जो देश में सबसे अधिक हैं। गुजरात का धोलेरा सेमीकंडक्टर क्षेत्र के रूप में उभर रहा है, जबकि मुंद्रा और दीनदयाल बंदरगाह देश के माल परिवहन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने मुंबई के वैश्विक वित्तीय और पूंजी केंद्र के रूप में उभरने को भी महत्वपूर्ण बताया।
केंद्र-राज्य समन्वय और सहकारी संघवाद पर जोर देते हुए शाह ने कहा कि जून 2014 से अब तक क्षेत्रीय परिषदों और उनकी स्थायी पश्चिमी भारत देश…
समितियों की 71 बैठकें हो चुकी हैं। इनमें 1,893 मुद्दों पर चर्चा हुई और 1,445 मामलों का समाधान किया गया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय परिषदें अब केवल विवादों के समाधान का मंच नहीं हैं, बल्कि जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी का भी प्रभावी माध्यम बन रही हैं। उन्होंने राज्यों से नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, नशे के खिलाफ अभियान तेज करने और साइबर अपराध पर अंकुश लगाने का भी आह्वान किया।
बैठक में महिला एवं बच्चों के खिलाफ अपराधों की त्वरित सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक विशेष अदालतों, आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली-112, आयुष्मान भारत, खाद्य सुरक्षा, गांवों में बैंकिंग सुविधाओं, पोषण, स्कूल ड्रॉपआउट कम करने, रेलवे विकास और डिजिटल बुनियादी ढांचे सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई। शाह ने सहकारिता क्षेत्र में पैक्स के कंप्यूटरीकरण को तेज करने और सहकारी बैंकों को साइबर अपराध से बचाव के लिए आधुनिक प्रणालियों से जोड़ने पर भी जोर दिया। साथ ही, अगले दो वर्षों में तटीय सुरक्षा को और मजबूत करने की दिशा में केंद्र की प्राथमिकता भी स्पष्ट की।


