मुंबई (सं.भा.): मुंबई और आसपास के उपनगरों में अपने घर का सपना देखने वालों के लिए बड़ी खबर है। महाराष्ट्र हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी (म्हाडा) कोंकण मंडल फरवरी में ठाणे, कल्याण, घोटेघर और डोंबिवली में 2,000 से अधिक फ्लैट्स की लॉटरी का विज्ञापन जारी करने वाली है। लॉटरी का परिणाम अप्रैल या मई में घोषित किया जाएगा, जिससे इच्छुक आवेदकों को अपने घर पाने का मौका मिलेगा।
म्हाडा के अधिकारी ने बताया कि ठाणे और कल्याण क्षेत्र में घरों की मांग बहुत अधिक है। पिछले वर्ष 2025 में आयोजित पांच हजार फ्लैट्स की लॉटरी में लगभग 1.5 लाख आवेदन प्राप्त हुए थे, जिससे स्पष्ट है कि लोगों में म्हाडा फ्लैट्स के लिए कितनी उत्सुकता है। वहीं, अक्टूबर में लॉटरी की घोषणा की उम्मीद थी, लेकिन पर्याप्त मकानों की उपलब्धता नहीं होने के कारण इसे स्थगित करना पड़ा।
इस बार की लॉटरी में ठाणे और कल्याण के अलावा घोटेघर और डोंबिवली के फ्लैट्स भी शामिल होंगे। मकानों की कीमत और आवेदन प्रक्रिया को लेकर जल्द ही विस्तृत जानकारी म्हाडा की वेबसाइट और स्थानीय कार्यालयों के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस लॉटरी से न केवल आवेदकों को घर पाने में मदद मिलेगी, बल्कि उपनगरों में आवासीय विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। यह योजना खासकर उन लोगों के लिए राहत की खबर है, जो लंबे समय से उपनगरों में उचित दाम में घर पाने की राह देख रहे थे। इस लॉटरी के जरिए लाखों लोग अपने घर का सपना साकार करने की दिशा में कदम बढ़ा सकेंगे।


