spot_img
Homeमुंबईफर्जी लोन खेल का खुलासा, भाई गिरफ्तार, बहन फरार

फर्जी लोन खेल का खुलासा, भाई गिरफ्तार, बहन फरार

मुंबई (सं.भा.): मुंबई में आए दिन ठगी के मामलों का खुलासा होता रहता है, लेकिन कांदिवली पुलिस ने एक ऐसा अनोखा और चौंकाने वाला मामला उजागर किया है, जिसमें फर्जी शेयर और कागजी लोन सैंक्शन के सहारे एक फ्रीलांसर से करीब 69 लाख रुपये की ठगी की गई। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी जतीन कुमार उनाडकट को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसकी बहन और सह-आरोपी संगीता उनाडकट फरार है।

पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता प्रेमकुमार वर्मा (42) विरार का रहने वाला है और फ्रीलांसर के तौर पर काम करता है। वर्ष 2022 में उसकी पहचान संगीता उनाडकट से हुई थी, जब उसने उसके लिए 25 लाख रुपये का लोन पास करवाने में मदद की थी। इसी पुराने भरोसे को हथियार बनाकर आरोपियों ने उसे नए बिजनेस और शेयर ट्रेडिंग में निवेश का लालच दिया।

आरोपियों ने दावा किया कि वे “बूम लिफ्ट” नाम से नया कारोबार शुरू कर रहे हैं और शेयर गिरवी रखकर करीब 3.5 करोड़ रुपये का लोन हासिल करेंगे। जतीन को बड़े शेयर कारोबारी के रूप में पेश किया गया। उनकी बातों में आकर प्रेमकुमार ने जनवरी 2024 में अपनी नौकरी छोड़ दी और निवेश के लिए विरार स्थित अपना फ्लैट 86 लाख रुपये में बेच दिया।

जुलाई से अगस्त 2024 के बीच प्रेमकुमार ने अलग-अलग किस्तों में करीब 81 लाख रुपये आरोपियों को दिए। जतीन ने शेयर ट्रांसफर करने के बहाने उसका डीमैट अकाउंट एक्सेस हासिल कर लिया और दावा किया कि कई नामी कंपनियों के शेयर ट्रांसफर हो चुके हैं। इसके बाद एक निजी फाइनेंस कंपनी का फर्जी लोन सैंक्शन लेटर दिखाकर 2.80 करोड़ रुपये का लोन मंजूर होने का भरोसा दिलाया गया। कई महीनों तक जब लोन की रकम खाते में नहीं आई तो प्रेमकुमार को शक हुआ। बैंक और फाइनेंस कंपनी से जांच करने पर पता चला कि जिन शेयरों को गिरवी रखने की बात की जा रही थी, वे असली नहीं बल्कि डेमो या वर्चुअल शेयर थे, जिनका इस्तेमाल केवल प्रैक्टिस ट्रेडिंग में किया जाता है। और उसे किसी भी तरह का वास्तविक लोन मंजूर नहीं हुआ था।

पैसे वापस मांगने पर आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी। उनके द्वारा दिया गया एक चेक भी बाउंस हो गया। बाद में सिर्फ 1.77 लाख रुपये लौटाए गए, जबकि करीब 69.18 लाख रुपये की रकम हड़प ली गई। इसके बाद पीड़ित ने कांदिवली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर कांदिवली पुलिस ने धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर 7 जनवरी को जतीन कुमार उनाडकट को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बहन संगीता के साथ मिलकर ठगी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इसी तरीके से और लोगों को तो निशाना नहीं बनाया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com