- स्वास्थ्य को मिलेगा बढ़ावा
मुंबई (सं. भा.) – झोपड़पट्टी क्षेत्रों के युवाओं और नागरिकों को स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ने के लिए म्हाडा के झोपड़पट्टी सुधार मंडल ने बड़ा कदम उठाया है। मुंबई के पूर्व और पश्चिम उपनगरों में 50 ओपन जिम बनाए जाएंगे, जिससे स्थानीय नागरिकों को व्यायाम की सुविधाएं नजदीक ही उपलब्ध होंगी।
इस योजना के तहत, जिला नियोजन समिति द्वारा 5 करोड़ रुपये का फंड जारी किया गया है, और अगले एक साल में इन जिमों का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। 25 ओपन जिम पूर्व उपनगरों में और 25 पश्चिम उपनगरों में स्थापित किए जाएंगे। ये सार्वजनिक मैदानों, उद्यानों और सोसायटियों में बनाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें।

झोपड़पट्टी इलाकों में मैदानों और खुली जगहों की कमी के कारण वहां के नागरिकों और युवाओं के लिए नियमित व्यायाम करना कठिन होता है, जिससे उनके स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए म्हाडा ने यह महत्वपूर्ण योजना शुरू की है।
म्हाडा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जिम के लिए उपयुक्त स्थानों की पहचान की जा रही है। जिन स्थानों पर ओपन जिम बनाए जाएंगे, वहां के भू-मालिक को ‘ना-हरकत प्रमाणपत्र’ (एनओसी) देना अनिवार्य होगा। इसके अलावा, जिम की देखरेख की जिम्मेदारी भी संबंधित संस्था या स्थान के मालिक को दी जाएगी।
फिलहाल, पश्चिम उपनगर के दिडोशी और पूर्व उपनगर के एक अन्य क्षेत्र में दो ओपन जिम स्थापित किए जा चुके हैं। स्थानीय नागरिक इनका उपयोग कर रहे हैं और इसका सकारात्मक प्रभाव दिखाई दे रहा है। म्हाडा की इस पहल से झोपड़पट्टी क्षेत्रों के नागरिकों को आसानी से व्यायाम उपकरण उपलब्ध होंगे, जिससे उनके स्वास्थ्य में सुधार की उम्मीद है।


