spot_img
Homeमहाराष्ट्रगड्ढामुक्त मुंबई का सपना होगा साकार! अंतिम चरण के लिए 8,500 करोड़...

गड्ढामुक्त मुंबई का सपना होगा साकार! अंतिम चरण के लिए 8,500 करोड़ का प्रस्ताव

मुंबई (सं. भा.) : हर मानसून में सड़कों पर गड्ढों से परेशान मुंबईकरों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने सड़क कंक्रीटीकरण परियोजना के अंतिम चरण की तैयारी तेज कर दी है। इसके लिए 8,500 करोड़ रुपये का प्रस्ताव वित्तीय जांच के लिए लेखा विभाग को भेजा गया है। जांच पूरी होने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी और दिसंबर 2026 से काम शुरू होने की संभावना है।
परियोजना के अंतिम चरण में पहले के अधूरे कार्यों के साथ 9 मीटर से कम चौड़ी सड़कें और गलियां भी शामिल की जाएंगी। पहले इसके लिए करीब 6,000 करोड़ रुपये का प्रस्ताव था, लेकिन अतिरिक्त सड़कों और अधूरे कार्यों को शामिल करने से लागत बढ़कर 8,500 करोड़ रुपये हो गई है।
मनपा के डैशबोर्ड के अनुसार, पहले और दूसरे चरण में मुंबई की 2,178 सड़कें शामिल हैं, जिनकी कुल लंबाई करीब 715 किलोमीटर है। इनमें से 1,608 सड़कों का काम पूरा हो चुका है। दोनों चरणों में करीब 82 प्रतिशत काम पूरा होने का दावा किया गया है। मानसून से पहले शुरू हुए 301 सड़कों के कार्यों में से 112 पर 1 अक्टूबर से दोबारा काम शुरू किया गया है।
2023 में शुरू हुई थी परियोजना
मुंबई की सड़कों को सीमेंट कंक्रीट में बदलने की योजना वर्ष 2023 में शुरू हुई थी। पहले चरण के लिए 6,080 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया था, जबकि वर्ष 2024 में दूसरे चरण का काम शुरू हुआ। अब तक पूरी परियोजना के लिए करीब 17,700 करोड़ रुपये की योजना बनाई जा चुकी है।
अंतिम चरण में पहले के ठेकेदारों के अधूरे काम भी शामिल होंगे। इसमें एनसीसी के करीब 300 करोड़ और ईगल इंफ्रा के 85 करोड़ रुपये के कार्य जोड़े गए हैं। इसके अलावा छोटी गलियों और छूटी हुई सड़कों का भी कंक्रीटीकरण किया जाएगा।
मनपा आयुक्त अश्विनी भिड़े ने पहले चरण का काम दिसंबर 2026 और दूसरे चरण का काम मई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है। प्रशासन का दावा है कि परियोजना पूरी होने के बाद मुंबई में गड्ढों की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com