मुंबई (सं.भा.): मुंबई के मालाड इलाके में मामूली सड़क विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। रोडरेज की घटना में 25 वर्षीय एक युवक की नुकीली वस्तु से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में कैब चालक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान शारिक अंसारी (25) के रूप में हुई है, जो मालाड के मालवणी म्हाडा इलाके का निवासी था। वह मालाड के माइंडस्पेस स्थित एक डिजिटल मार्केटिंग कंपनी में कार्यरत था। इस मामले में पुलिस ने आरोपी कैब चालक सत्येंद्र गुप्ता (28) को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच शारिक अंसारी अपनी बाइक से मालवणी से लिंक रोड के रास्ते अंधेरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान मिठ चौकी जंक्शन के पास उसकी कैब चालक से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। दोनों वाहन चलाते हुए ही एक-दूसरे से बहस करते रहे और मालाड स्थित इन्फिनिटी मॉल के पास दोनों ने अपने वाहन रोक दिए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बहस देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। गुस्से में शारिक ने अपने हेलमेट से कैब चालक की कार का कांच तोड़ दिया। इसके बाद कैब चालक ने कथित तौर पर एक नुकीली वस्तु से शारिक पर हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि नुकीली वस्तु उसके सीने और गर्दन के बीच जा लगी।
घटना के बाद घायल शारिक को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बांगुर नगर पुलिस ने आरोपी कैब चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह घटना रोडरेज का मामला प्रतीत हो रही है। आरोपी से पूछताछ जारी है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
सड़क पर मामूली विवाद बना जानलेवा, युवक की हत्या; कैब ड्राइवर गिरफ्तार
RELATED ARTICLES


