मुंबई (स.भा): निर्देशक प्रियदर्शन इन दिनों अपनी अगली फिल्म ‘हैवान’ को लेकर सुर्खियों में हैं। इस फिल्म में लंबे समय बाद दर्शकों को अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर दिखाई देगी। अब फिल्म से जुड़ा एक बड़ा अपडेट सामने आया है—साउथ सिनेमा के दिग्गज स्टार मोहनलाल भी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा होंगे।
हालांकि, मोहनलाल किस किरदार में नज़र आएंगे, इस पर फिलहाल सस्पेंस बरकरार है। प्रियदर्शन ने मीडिया से बातचीत में इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि उनके लिए हमेशा फिल्म की स्क्रिप्ट सबसे अहम होती है, न कि सितारों का नाम।

उन्होंने कहा, “मैं कभी भी सिर्फ किसी स्टार को ध्यान में रखकर फिल्म नहीं बनाता। पहले कहानी होती है, फिर उसके हिसाब से कलाकार चुने जाते हैं। ‘हैवान’ में मोहनलाल हैं, लेकिन उनका किरदार अभी बताना सही नहीं होगा। मेरी प्राथमिकता हमेशा कहानी होती है।”
दरअसल, ‘हैवान’ प्रियदर्शन की मलयालम फिल्म ‘ओप्पम’ का हिंदी रीमेक है, जिसमें मोहनलाल ने मुख्य भूमिका निभाई थी। 2016 में रिलीज़ हुई ‘ओप्पम’ को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। अब इसके हिंदी वर्ज़न में अक्षय और सैफ मुख्य किरदार निभा रहे हैं, जबकि मोहनलाल का जुड़ना इस प्रोजेक्ट को और भी खास बना रहा है।


