मुंबई (सं.भा.)शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए मनपा आयुक्त स्वयं सड़कों पर उतरकर फुटपाथ खाली कराने की मुहिम को गति दे रही हैं, लेकिन कांदिवली आर-दक्षिण में जमीनी तस्वीर कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। यहां फुटपाथ और सार्वजनिक उपयोग की जगहों पर कब्जे की शिकायतों के बीच अवैध स्टॉल लगा कर खान – पान का कारोबार संचालित होने के आरोप हैं। यह अतिक्रमणकारी इतने निडर और बेखौफ हो चुके हैं कि चारकोप के गवर्नमेंट इंडस्ट्रियल एस्टेट में पानी की पाइपलाइन पर भी कब्जा करने से बाज नही आ रहे हैं। अतिक्रमणकारी द्वारा यहां पाइपलाइन के ऊपर स्टॉल लगाकर खुलेआम होटल चलाए जाने की बात सामने आई है।
यह मामला चारकोप इंडस्ट्रियल इस्टेट के प्लॉट नंबर 48 के सामने का है। इस प्लॉट के ठीक सामने से गुजरने वाली पानी की पाइपलाइन के ऊपर स्टॉल लगाकर खाने का होटल संचालित होने का मामला स्थानीय स्तर पर चर्चा में है। चिंता का विषय सिर्फ अतिक्रमण नहीं, बल्कि यहां सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार, स्टॉल में गैस सिलेंडर का इस्तेमाल भी किया जाता है। ऐसे में यदि किसी कारण से पानी की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होती है, गैस सिलेंडर से कोई दुर्घटना होती है या वहां कोई अन्य हादसा सामने आता है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी? क्या सार्वजनिक उपयोग की पाइपलाइन के ऊपर इस तरह का कारोबार सुरक्षा मानकों के अनुरूप है?
सवाल यह भी है कि यदि यह गतिविधि लंबे समय से चल रही है तो संबंधित अतिक्रमण और जल विभाग के अधिकारियों और को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई और अब तक किसी प्रकार की प्रभावी कार्रवाई अतिक्रमणकारी के खिलाफ क्यों नहीं की गई? पानी की पाइपलाइन किसी आपात स्थिति में क्षतिग्रस्त होती है तो उसकी मरम्मत और जनसुरक्षा की जिम्मेदारी मनपा की होगी, तो उस पर अतिक्रमण कर स्टॉल लगाने वाले के खिलाफ मनपा आर दक्षिण वार्ड के अधिकारियों द्वारा अनदेखी क्यों की जा रही है ?
आर-दक्षिण वार्ड के अतिक्रमण विभाग में तैनात अधिकारी नंदकुमार औरे तथा उनके सहयोगी गणेश रावत की अतिक्रमणकारियों और भूमाफियाओं के प्रति नरम भूमिका अपनाए जाने को लेकर भी अनेकों शिकायतें सामने आई हैं। क्षेत्र में कई स्थानों पर अवैध निर्माण जैसे कारोबार संचालित होने तथा इन्हें बचने को लेकर कथित आर्थिक लेन-देन की शिकायतों का भी उल्लेख शिकायत पत्र में किया गया है। इन आरोपों की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच जरूरी है। यदि जांच में किसी अधिकारी या कर्मचारी की मिलीभगत, संरक्षण या लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जानी चाहिए। ऐसी मांग लोगों द्वारा की जा रही है।
मनपा आयुक्त की ओर से अतिक्रमण के खिलाफ कड़ाई का संदेश दिए जाने के बावजूद यदि फुटपाथों और सार्वजनिक स्थानों पर दोबारा कब्जे हो रहे हैं, तो अभियान की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठना स्वाभाविक है। कांदिवली में पहले हुई अतिक्रमण कार्रवाई, प्राप्त शिकायतों, हटाए गए कब्जों और बाद में दोबारा शुरू हुए कारोबार का रिकॉर्ड खंगालने की जरूरत है। प्रशासन को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि सार्वजनिक जगह और पानी की पाइपलाइन के ऊपर स्टॉल लगाकर कारोबार किसकी अनुमति, अनदेखी या लापरवाही के चलते चल रहा है और किसी दुर्घटना की स्थिति में जवाबदेही किसकी तय होगी।


