- कहा ‘हम आपके दोस्त भी हैं’
मुंबई (सं. भा.) ‘दुख में जो साथ दे, सही मायनों में वही आपका सच्चा दोस्त है।’ यह कहना है मुंबई पुलिस का, जो लोगों को परेशानियों से बचाने के लिए हमेशा ढाल बनकर खड़ी रहती है। चाहे बारिश हो या आगजनी, चाहे आपराधिक घटनाएं हों या फिर पारिवारिक कहासुनी, हर जगह मुंबई पुलिस आपके साथ खड़ी मिलती है। सोशल मीडिया के जरिए फ्रेंडशिप डे के अवसर पर मुंबई पुलिस ने नागरिकों को आश्वासन दिया कि प्रशासन हमेशा लोगों के लिए मौजूद है, चाहे स्थिति या समस्या कैसी भी क्यों न हो।
मुंबई पुलिस की सोशल मीडिया टीम ने फ्रेंडशिप डे पर हार्दिक शुभकामनाएं साझा करते हुए लिखा है कि जरूरत पड़ने पर लोग पुलिस हेल्पलाइन नंबर 100 डायल करके अपने इस ‘दोस्त’ तक पहुंच सकते हैं। चाहे वह उत्पीड़न से संबंधित मामले हों या किसी तस्कर के बारे में जानकारी देना हो। लोग सहायता के लिए उनपर भरोसा कर सकते हैं। विंग ने ट्वीट किया, ‘आप अपने इस दोस्त पर हमेशा भरोसा कर सकते हैं।’ इसके साथ ही पुलिस टीम ने हैशटैग #ऑलवेज देयर फॉर यू’ चलाकर लोगों से मित्रवत व्यवहार करने का भरोसा दिलाया है।

‘हम आपके साथ हैं: पुलिस की ओर से कहा गया है कि हम आपको मित्रता दिवस की बहुत- बहुत शुभकामनाएं देते हैं। हम आशा करते हैं कि आपका समय अच्छा गुजरेगा। पुलिस की ओर से कहा गया है कि अगर आपको तत्काल मदद की जरूरत है, तो 100 नंबर डायल कर मुंबई पुलिस से संपर्क कर सकते हैं। हम आपके साथ है। पुलिस के इस ऑनलाइन मित्रवत व्यवहार पर लोग जमकर तारीफ के शब्द लिख रहे हैं।


