मुंबई (सं. भा.) मुंबई पुलिस ने शनिवार, 15 फरवरी को जनसुनवाई के विशेष आयोजन में 1227 शिकायतों का निपटारा किया। इस दिन को विशेष रूप से महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की समस्याएं सुनने और उनका समाधान करने के लिए निर्धारित किया गया था। मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी दी कि शहर के विभिन्न पुलिस स्टेशनों में कुल 538 महिलाओं और 223 वरिष्ठ नागरिकों की शिकायतों को सुना गया और उनका समाधान निकाला गया।
पुलिस स्टेशनों में शिकायत निवारण के इस विशेष अभियान के दौरान न केवल महिलाएं और वरिष्ठ नागरिक पहुंचे, बल्कि कई अन्य नागरिक भी अपनी समस्याएं लेकर आए। सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों ने समाधान की दिशा में तत्परता दिखाई। इस प्रक्रिया में प्रत्येक पुलिस स्टेशन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षकों के साथ एसीपी और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त स्तर के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
मुंबई पुलिस द्वारा हर शनिवार को “शिकायत निवारण दिवस” का आयोजन किया जाता है। इसका उद्देश्य जनता की समस्याएं सुनकर उन्हें त्वरित और निष्पक्ष समाधान प्रदान करना है। पुलिस प्रशासन का मानना है कि इस पहल से नागरिकों का कानून व्यवस्था में विश्वास बढ़ेगा और पुलिस की छवि पहले से अधिक मजबूत और सकारात्मक होगी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शनिवार को संपन्न इस अभियान में कई वर्षों से लंबित मामलों को भी प्राथमिकता दी गई और सभी पक्षों को बुलाकर समझौते और समाधान की कोशिश की गई। महिलाओं की शिकायतों में घरेलू हिंसा, उत्पीड़न, धोखाधड़ी और संपत्ति विवाद जैसे विषय प्रमुख रहे। वहीं, वरिष्ठ नागरिकों ने प्रॉपर्टी विवाद, पारिवारिक कलह और पड़ोसियों से संबंधित समस्याएं पुलिस को बताईं।
मुंबई पुलिस ने जनता से अपील की है कि यदि किसी को किसी प्रकार की समस्या हो, तो वे निःसंकोच अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन में पहुंचें, विशेष रूप से शनिवार को आयोजित होने वाले इस निवारण दिवस में। पुलिस प्रशासन का लक्ष्य है कि हर नागरिक को न्याय मिले और शहर में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा सके।
मुंबई पुलिस की इस जनसुनवाई पहल को लेकर आम नागरिकों में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखी गई है। शिकायतकर्ताओं ने पुलिस अधिकारियों की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की और आशा जताई कि आगे भी यह प्रक्रिया इसी गंभीरता और तत्परता से जारी रहेगी।


