मुंबई (सं.भा.): लगातार बढ़ती घरों की कीमतों और आर्थिक दबावों के बावजूद साल 2025 मुंबई के रियल इस्टेट बाजार के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ। सरकारी पंजीकरण आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2025 में मुंबई महानगरपालिका क्षेत्र में 1.50 लाख से अधिक संपत्तियों का पंजीकरण हुआ, जो बीते 14 वर्षों में सबसे अधिक है।
पिछले साल 2024 की तुलना में प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन में करीब 6 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। यही नहीं, सरकार की स्टांप ड्यूटी वसूली भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। वर्ष 2025 में स्टांप ड्यूटी के रूप में कुल 13,487 करोड़ रुपये की वसूली हुई, जो सालाना आधार पर 11 प्रतिशत अधिक है।

साल का आखिरी महीना भी रियल इस्टेट की मजबूती का संकेत देता रहा। दिसंबर 2025 में कुल 14,447 प्रॉपर्टी डील्स दर्ज की गईं, जिनसे सरकार को करीब 1,263 करोड़ रुपये की स्टांप ड्यूटी प्राप्त हुई। यह आंकड़ा दिसंबर 2024 की तुलना में 16 प्रतिशत और नवंबर 2025 से 18 प्रतिशत ज्यादा रहा।
विशेषज्ञों का मानना है कि बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, मेट्रो नेटवर्क का विस्तार, निवेश के सुरक्षित विकल्प की तलाश और भविष्य में कीमतें और बढ़ने की आशंका ने लोगों को महंगे दामों के बावजूद घर खरीदने के लिए प्रेरित किया है। आंकड़े साफ संकेत दे रहे हैं कि मुंबई का रियल इस्टेट बाजार मजबूत भरोसे के साथ आगे बढ़ रहा है।


