spot_img
Homeफिल्मी खबरेंअक्षय कुमार ने पूरी की ‘वेलकम टू द जंगल’ की शूटिंग, 2026...

अक्षय कुमार ने पूरी की ‘वेलकम टू द जंगल’ की शूटिंग, 2026 में रिलीज का संकेत

मुंबई (सं.भा.): बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित मल्टीस्टारर फिल्मों में शामिल ‘वेलकम टू द जंगल’ को लेकर दर्शकों का इंतजार अब और बढ़ गया है। निर्देशक अहमद खान की इस फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है और क्रिसमस के मौके पर अभिनेता अक्षय कुमार ने फिल्म से जुड़ा एक खास वीडियो साझा कर फैंस को बड़ा संकेत दिया है।
क्रिसमस वाइब के साथ शेयर किए गए इस वीडियो में फिल्म की पूरी स्टारकास्ट नजर आ रही है। अक्षय कुमार ने पोस्ट के जरिए बताया कि फिल्म का काम पूरा हो चुका है और यह उनके करियर के सबसे बड़े प्रोजेक्ट्स में से एक है। हालांकि उन्होंने रिलीज डेट का खुलासा नहीं किया, लेकिन इतना जरूर इशारा दिया कि फिल्म साल 2026 में सिनेमाघरों तक पहुंचेगी।
अक्षय कुमार ने पोस्ट में लिखा, ‘वेलकम टू द जंगल की पूरी टीम की तरफ से आप सभी को क्रिसमस की ढेर सारी शुभकामनाएं। मैं कभी इतनी बड़ी टीम का हिस्सा नहीं रहा। हम आप सभी के लिए अपना तोहफा लेकर जल्द आने वाले हैं।’ उन्होंने टीम की मेहनत की भी जमकर सराहना की।
वीडियो में अक्षय कुमार अलग और दमदार लुक में नजर आ रहे हैं, जहां उनके सफेद दाढ़ी और लंबे बाल चर्चा में हैं। वहीं सुनील शेट्टी, तुषार कपूर, अरशद वारसी, दिशा पटानी, रवीना टंडन, श्रेयस तलपड़े और राजपाल यादव खाकी रंग के आउटफिट्स में दिखाई दे रहे हैं। कुछ कलाकारों के हाथ में हथियार भी नजर आए, जिससे फिल्म के एक्शन और कॉमेडी का अंदाजा लगाया जा रहा है।
इससे पहले अभिनेता परेश रावल ने भी फिल्म को लेकर संकेत दिया था कि दूसरे शेड्यूल की शूटिंग के बाद फिल्म को 2026 में मार्च-अप्रैल के बीच रिलीज किया जा सकता है। ऐसे में ‘वेलकम टू द जंगल’ को लेकर फैंस की उत्सुकता लगातार बढ़ती जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com