मुंबई (सं.भा.) : महानगर में बढ़ते ट्रैफिक जाम से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार ने मुंबई महानगर क्षेत्र में चल रहे बड़े सड़क और सुरंग प्रोजेक्ट को वर्ष 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद मुंबई शहर, उपनगरों और ठाणे के बीच यात्रा काफी आसान हो जाएगी और कई मार्ग सिग्नल-फ्री हो जाएंगे। विधानसभा में जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मुंबई महानगर क्षेत्र में जारी सभी प्रमुख आधारभूत परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से दक्षिण मुंबई से लेकर उपनगर और ठाणे तक बिना ट्रैफिक में फंसे कम समय में सफर करना संभव होगा। मुख्यमंत्री के अनुसार, 701 किलोमीटर लंबा समृद्धि महामार्ग भी भविष्य में सीधे दक्षिण मुंबई से जोड़ा जाएगा। इसके लिए छेड़ा नगर से आनंद नगर और आनंद नगर से साकेत तक एलिवेटेड सड़क परियोजनाएं तैयार की जा रही हैं। इन मार्गों के बन जाने के बाद नागपुर से दक्षिण मुंबई तक लगभग सिग्नल-फ्री यात्रा संभव हो सकेगी। मुंबई महानगर क्षेत्र में ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए समुद्री मार्ग, एलिवेटेड रोड और सुरंग परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। बांद्रा-वर्सोवा सी-लिंक और वर्सोवा-दहिसर-भाईंदर कोस्टल रोड जैसे प्रोजेक्ट भी इसी योजना का हिस्सा हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से महानगर के अलग-अलग हिस्सों के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा। सरकार का कहना है कि इन आधारभूत परियोजनाओं के जरिए महानगर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के साथ-साथ आने वाले वर्षों में बढ़ने वाले ट्रैफिक दबाव को भी नियंत्रित करने की योजना है।
ट्रैफिक जाम से राहत की तैयारी: 2028 तक मुंबई में बनेंगे कई सिग्नल-फ्री मार्ग
RELATED ARTICLES


