मुंबई (सं.भा.) : महाराष्ट्र में बढ़ते मानव-तेंदुआ संघर्ष को कम करने और वन्यजीव संरक्षण को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने अहम निर्णय लिया है। सरकार ने राज्य के अलग-अलग हिस्सों से 50 तेंदुओं को गुजरात के जामनगर स्थित वन्यजीव बचाव और संरक्षण केंद्र भेजने की योजना बनाई है, जहां उनका उपचार और पुनर्वास किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार यह निर्णय वन विभाग और संबंधित विशेषज्ञों के बीच हुई चर्चा के बाद लिया गया है। राज्य के कई क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से तेंदुओं के हमलों की घटनाएं सामने आने के बाद वन विभाग पर लोगों की सुरक्षा और वन्यजीवों के संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखने की चुनौती बढ़ गई थी। इसी को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया जा रहा है। वन विभाग से जुड़े सूत्रों का कहना है कि जिन तेंदुओं को स्थानांतरित किया जाएगा, उन्हें गुजरात के जामनगर स्थित वनतारा वन्यजीव बचाव और संरक्षण केंद्र में रखा जाएगा। यह केंद्र घायल, बीमार या संकटग्रस्त वन्यजीवों के उपचार और पुनर्वास के लिए देश के बड़े केंद्रों में माना जाता है। इस केंद्र का संचालन Reliance Foundation द्वारा किया जाता है। बताया जा रहा है कि वर्ष 2025 के दौरान, खासकर नवंबर और दिसंबर में, राज्य के कई इलाकों में तेंदुओं के हमलों की घटनाएं सामने आई थीं। इन घटनाओं के बाद वन विभाग पर दबाव बढ़ गया था कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ वन्यजीवों की भी रक्षा की जाए। विशेषज्ञों का मानना है कि सुरक्षित संरक्षण केंद्र में तेंदुओं को रखने से एक ओर जहां उन्हें बेहतर देखभाल और उपचार मिल सकेगा, वहीं दूसरी ओर प्रभावित इलाकों में मानव-तेंदुआ संघर्ष की घटनाओं को कम करने में भी मदद मिल सकती है। वन विभाग आने वाले समय में इस योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू करने की तैयारी कर रहा है।
मानव-तेंदुआ संघर्ष कम करने की पहल, महाराष्ट्र से 50 तेंदुए गुजरात भेजे जाएंगे
RELATED ARTICLES


