पानी नहीं होगा बर्बाद
मुंबई (सं भा): मानसून के दौरान मुंबई की प्रमुख झीलों – तुलसी, विहार और पवई – से बहकर मीठी नदी में बर्बाद हो जाने वाले पानी को अब मुंबईकरों के लिए उपयोग में लाया जाएगा। बीएमसी प्रशासन इस पानी को बचाने की तैयारी कर रहा है, जिससे शहर को 7,200 मिलियन लीटर (एमएलडी) अतिरिक्त पानी उपलब्ध हो सकेगा। यह कदम मुंबई में लगातार बढ़ती पानी की मांग को पूरा करने में महत्वपूर्ण साबित होगा।
जलभराव से राहत और पानी की बचत
वर्तमान में, मानसून में जब तुलसी, विहार और पवई झीलों के जलग्रहण क्षेत्रों से अतिरिक्त पानी प्राकृतिक स्रोतों के माध्यम से मीठी नदी में बह जाता है, तो इससे धारावी, बीकेसी और कुर्ला जैसे इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। अब इस पानी को रोककर, रीसायकल करके उपयोग में लाने की तैयारी की जा रही है। इस पहल से लगभग 7,200 मिलियन लीटर पानी उपलब्ध हो सकेगा।
मुंबई में वर्तमान में सात झीलें – तुलसी, विहार, तानसा, भातसा, मोडक सागर, अपर वैतरणा और मध्य वैतरणा – जलापूर्ति करती हैं। हालांकि, रोजाना 3950 मिलियन लीटर पानी की आपूर्ति की जाती है, जबकि पानी की मांग 4250 मिलियन लीटर है। कई इलाकों में अभी भी जल संकट है और महानगर क्षेत्र में पानी की मांग लगातार बढ़ती जा रही है। बीएमसी की यह नई योजना न केवल पानी की बर्बादी रोकेगी, बल्कि शहर की पानी की जरूरतों को पूरा करने में भी मदद करेगी।


