मुंबई (सं.भा.):मुंबई के लिए मैंग्रोव (कांदळवन) प्राकृतिक सुरक्षा कवच माने जाते हैं, लेकिन बोरीवली विधानसभा क्षेत्र के मानोरी, गणपत पाटिल नगर सहित कई इलाकों में मैंग्रोव क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध भराव, अतिक्रमण और बेकायदा निर्माण किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है।
इस मुद्दे को बोरीवली के विधायक संजय उपाध्याय ने विधानसभा में उठाते हुए सरकार का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि मैंग्रोव क्षेत्र में मलबा और डेब्रिज डालकर जमीन भरी जा रही है और 50 मीटर के बफर जोन में भी अतिक्रमण कर झोपड़ियां और अवैध निर्माण किए जा रहे हैं।
विधायक ने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर बड़ी-बड़ी कंपनियों के गोदाम भी बनाए गए हैं। इतना ही नहीं, मैंग्रोव के अंदर जाने वाले रास्तों को बंद कर वहां अवैध गतिविधियां चलने की भी शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने यह भी कहा कि रास्ता बंद कर अंदर गोकशी किए जाने की जानकारी मिली है, जो बेहद गंभीर विषय है।
उन्होंने सरकार से मांग की है कि मैंग्रोव क्षेत्र में हो रहे अवैध भराव, अतिक्रमण, गोदाम निर्माण और अन्य अवैध गतिविधियों की जांच कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि पर्यावरण और कानून व्यवस्था दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।


