मुंबई (सं.भा.)गणेशोत्सव को लेकर मुंबई मनपा ने विसर्जन की तैयारियां तेज कर दी हैं। इस वर्ष शहर में 355 कृत्रिम तालाब बनाए जाएंगे, जहां छह फीट तक ऊंची गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा सकेगा। इसके अलावा बड़ी प्रतिमाओं के लिए 23 प्राकृतिक विसर्जन स्थल भी उपलब्ध रहेंगे। पिछले वर्ष 298 कृत्रिम तालाब बनाए गए थे।
पर्यावरण संरक्षण और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मनपा ने विसर्जन स्थलों के साथ रास्तों पर भी जरूरी काम पूरे किए हैं। आगमन और विसर्जन मार्गों पर 281 स्थानों से केबल हटाए गए, जबकि 506 सड़कों पर 4,279 गड्ढे भरे गए हैं। 171 नालियों के ढक्कनों की मरम्मत और 492 स्थानों पर पेड़ों की छंटाई भी की गई है।
पिछले वर्ष छह फीट तक की 72,361 पर्यावरण अनुकूल और 1,11,641 पीओपी प्रतिमाओं का कृत्रिम तालाबों में विसर्जन हुआ था। इस बार बढ़ी संख्या में तालाब उपलब्ध कराने का उद्देश्य श्रद्धालुओं को नजदीक सुविधा देना और प्राकृतिक जलस्रोतों पर दबाव कम करना है।
सोसायटियों और कुछ चुनिंदा वार्डों में मोबाइल कृत्रिम तालाब की सुविधा भी दी जाएगी। मनपा गूगल मैप्स के जरिए श्रद्धालुओं को नजदीकी विसर्जन स्थल की जानकारी और कुछ स्थानों पर स्लॉट की सुविधा उपलब्ध कराएगी।


