मुंबई (सं. भा.) – बोरीवली के गोराई गांव में 8 हेक्टेयर में फैले गोराई मैंग्रोव संरक्षण केंद्र और पार्क के 1 मई तक खुलने की उम्मीद है। यह मुंबई का पहला मैंग्रोव पार्क होगा, जो पर्यटन, समुद्री जीव-जंतुओं की जानकारी और प्रकृति संरक्षण को बढ़ावा देगा। यह इको-टूरिज्म हब न केवल पर्यावरण प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा, बल्कि शहर के मैंग्रोव क्षेत्रों को बचाने में भी सहायक होगा।
मैंग्रोव फाउंडेशन द्वारा विकसित इस पार्क की खासियत इसका 740 मीटर लंबा बोर्डवॉक है, जो एक भी पेड़ काटे बिना डिज़ाइन किया गया है। इस पार्क में प्रकृति व्याख्या केंद्र, मैंग्रोव ट्रेल, पक्षी वेधशाला और कयाक ट्रेल जैसी सुविधाएं शामिल होंगी, जिससे पर्यटक घने मैंग्रोव के बीच प्रकृति का अनुभव कर सकेंगे।
26.97 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस पार्क को महाराष्ट्र राज्य इको-टूरिज्म बोर्ड ने मंजूरी दी है। यह परियोजना जनवरी 2023 तक पूरी होनी थी, लेकिन अब अप्रैल के अंत तक इसका काम पूरा करने की योजना बनाई गई है।
यदि सब कुछ योजना के अनुसार हुआ, तो 1 मई या अधिकतम 5 जून तक इस पार्क का उद्घाटन संभव है। – एस.वी. रामाराव, अतिरिक्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक (मैंग्रोव संरक्षण प्रकोष्ठ)।


