spot_img
Homeमहाराष्ट्ररियल एस्टेट बाजार में नई रफ्तार, मुंबई महानगर क्षेत्र में 201 आवासीय...

रियल एस्टेट बाजार में नई रफ्तार, मुंबई महानगर क्षेत्र में 201 आवासीय परियोजनाओं को मंजूरी

मुंबई (सं.भा.) महानगर में लगातार बढ़ती आबादी और आवासीय जरूरतों के बीच अपना घर खरीदने का सपना देख रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। दिवाली से पहले महाराष्ट्र के रियल एस्टेट क्षेत्र में नई हलचल देखने को मिल रही है। महाराष्ट्र रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण (महारेरा) ने राज्यभर की 435 नई आवासीय परियोजनाओं को पंजीकरण की मंजूरी दी है। इनमें मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) की 201 परियोजनाएं शामिल हैं। इस फैसले से आने वाले समय में घर खरीदारों के सामने आवास के नए विकल्प उपलब्ध होने के साथ निर्माण क्षेत्र में निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

 

महारेरा की ओर से जारी पंजीकरण संबंधी जानकारी के अनुसार, मुंबई महानगर क्षेत्र में सबसे अधिक 70 परियोजनाएं ठाणे जिले की हैं। वहीं मुंबई शहर और उपनगरों में कुल 63 नए प्रोजेक्ट्स को पंजीकरण मिला है। इसके अलावा रायगढ़ जिले में 36, पालघर में 25, रत्नागिरी में पांच और सिंधुदुर्ग में दो आवासीय परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं के माध्यम से मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में आवासीय निर्माण गतिविधियों को नई गति मिलने की संभावना है।

 

महाराष्ट्र में पंजीकृत सभी 435 नई परियोजनाओं के तहत कुल 32,981 आवासीय इकाइयों के निर्माण की योजना तैयार की गई है। इन प्रोजेक्ट्स में लगभग 23,719 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इतनी बड़ी संख्या में आवासीय परियोजनाओं को पंजीकरण मिलने से राज्य के रियल एस्टेट कारोबार को मजबूती मिलने की उम्मीद है। हालांकि, मुंबई महानगर क्षेत्र की 201 परियोजनाओं में कितने मकानों का निर्माण किया जाएगा, इसका अलग से आंकड़ा उपलब्ध नहीं कराया गया है।

 

नई परियोजनाओं के साथ महारेरा ने पहले से पंजीकृत आवासीय प्रोजेक्ट्स को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। निर्धारित अवधि में निर्माण कार्य पूरा नहीं कर पाने वाली 210 परियोजनाओं की समय-सीमा बढ़ाने को स्वीकृति दी गई है। इसके अतिरिक्त 609 परियोजनाओं के प्रस्तावों में संशोधन की अनुमति भी प्रदान की गई है। इससे संबंधित बिल्डरों को अपनी परियोजनाओं को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा। हालांकि, निर्माण अवधि बढ़ने की स्थिति में घर खरीदारों को कब्जा मिलने की नई तारीख और परियोजना की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेना जरूरी होगा।

 

दिवाली के अवसर पर मकान खरीदने की योजना बना रहे नागरिकों के लिए नए प्रोजेक्ट्स का पंजीकरण महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, किसी भी आवासीय परियोजना में निवेश करने से पहले उसकी कानूनी स्थिति और आवश्यक अनुमतियों की जांच करना बेहद जरूरी है। खरीदारों को महारेरा की आधिकारिक वेबसाइट पर संबंधित प्रोजेक्ट का पंजीकरण क्रमांक, निर्माण पूरा होने की निर्धारित समय-सीमा तथा परियोजना में किए गए संशोधनों की जानकारी अवश्य देखनी चाहिए। विशेषज्ञों के अनुसार, केवल आकर्षक विज्ञापनों और बिल्डरों के वादों के आधार पर घर खरीदने का फैसला करने के बजाय सभी दस्तावेजों की जांच करना भविष्य की परेशानियों से बचने के लिए आवश्यक है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com