मुंबई (सं.भा.) ससुराल से एक नवविवाहिता के अचानक लापता होने से परिवार में हड़कंप मच गया। घर से उसके गायब होने के साथ ही 20 हजार रुपये नकद, जेवर और नए कपड़े भी नहीं मिले, जिससे मामला और गंभीर हो गया। परिजनों ने महिला की काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार सास की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच और महिला की तलाश शुरू कर दी है।
मामला दहिसर पूर्व के घरटन पाड़ा नंबर-2 स्थित मनीराम दुबे चाल का है। शिकायत के अनुसार, जमनी देवी मदनलाल प्रजापति अपने बेटे मदनलाल प्रजापति, बहू भावना प्रजापति और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रहती हैं। उनके बेटे भीमराम प्रजापति की शादी वर्ष 2025 में राजस्थान निवासी भावना से हुई थी। शादी के बाद से भावना अपने पति और ससुराल वालों के साथ दहिसर में रह रही थी।
बताया गया है कि 26 सितंबर की सुबह मदनलाल और उनका बेटा भीमराम काम पर चले गए थे। शाम करीब 6 बजे जमनी देवी दूध लेने के लिए गवड़े नगर गई थीं। कुछ देर बाद जब वह घर लौटीं तो दरवाजा खुला मिला और भावना घर में मौजूद नहीं थी। परिवार ने आसपास तलाश की तो पता चला कि घर से 20 हजार रुपये नकद, कुछ नए कपड़े और जेवर भी गायब हैं। महिला का मोबाइल फोन भी बंद बताया गया।
इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित ठिकानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। महिला का पता नहीं चलने पर 27 सितंबर को जमनी देवी ने दहिसर पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 140(3) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस महिला की तलाश के साथ ही उसके अचानक लापता होने और घर से सामान गायब होने की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।


