मुंबई (सं.भा.) महाराष्ट्र में अब निजी स्कूलों में पढ़ाने वाले शिक्षकों की शैक्षणिक पात्रता भी जांच के दायरे में आने वाली है। शिक्षा विभाग ने सरकारी और अनुदानित स्कूलों के बाद निजी, गैर-अनुदानित तथा स्वयं-वित्तपोषित स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों की टीईटी पात्रता की जानकारी जुटाने का फैसला किया है। इसके लिए यू-डायस प्रणाली के जरिए स्कूलवार शिक्षकों का विवरण एकत्र किया जाएगा। विभाग की इस प्रक्रिया से टीईटी उत्तीर्ण नहीं करने वाले शिक्षकों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत पहली से आठवीं कक्षा तक पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी टीईटी को आवश्यक माना गया है। अब तक इस व्यवस्था का असर मुख्य रूप से सरकारी और अनुदानित स्कूलों में दिखाई देता रहा है, जबकि निजी स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों की टीईटी पात्रता से जुड़ा पूरा विवरण शिक्षा विभाग के पास उपलब्ध नहीं था। इसी कमी को दूर करने के लिए अब निजी क्षेत्र के स्कूलों से भी शिक्षकों की जानकारी जुटाई जा रही है।
महाराष्ट्र में बड़ी संख्या में गैर-अनुदानित और स्वयं-वित्तपोषित स्कूल संचालित हो रहे हैं। विभाग की नई कवायद के बाद इन संस्थानों में पहली से आठवीं तक पढ़ाने वाले शिक्षकों की पात्रता का रिकॉर्ड सामने आएगा। इसके आधार पर विभाग आगे की कार्रवाई को लेकर निर्णय ले सकता है।


