spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईएक नहीं, छह टाइगर आए हैं साथ’, शिंदे बोले- ऑपरेशन टाइगर पूरी...

एक नहीं, छह टाइगर आए हैं साथ’, शिंदे बोले- ऑपरेशन टाइगर पूरी तरह सफल

मुंबई (सं.भा.) महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया है। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) गुट के छह मौजूदा सांसदों ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना का दामन थाम लिया है। इसे शिंदे खेमे की अब तक की सबसे बड़ी राजनीतिक कामयाबी और ठाकरे गुट के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। आगामी स्थानीय निकाय और विधानसभा चुनावों से पहले हुए इस घटनाक्रम ने राज्य की राजनीतिक सरगर्मियां तेज कर दी हैं। यशवंतराव चव्हाण सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में परभणी के सांसद संजय (बंडू) जाधव, शिर्डी के सांसद भाऊसाहेब वाकचौरे, धाराशिव के सांसद ओमराजे निंबालकर, मुंबई उत्तर-पूर्व के सांसद संजय दिना पाटिल, यवतमाल-वाशिम के सांसद संजय देशमुख और हिंगोली के सांसद नागेश पाटिल आष्टीकर ने शिवसेना की सदस्यता ग्रहण की।

 

सांसदों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि 2022 में 40 विधायकों के साथ शुरू हुई लड़ाई अब दूसरे चरण में पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा, “हमने चौका नहीं, सीधा षटकार लगाया है। अब एक नहीं, छह टाइगर हमारे साथ हैं।” शिंदे ने इसे बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा की जीत बताते हुए कहा कि जो लोग शिवसेना की मूल विचारधारा और कार्यकर्ता आधारित राजनीति में विश्वास रखते हैं, वे लगातार शिवसेना के साथ जुड़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि राज्यभर में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी भी पार्टी में शामिल हो रहे हैं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि नए सांसद किसी व्यक्तिगत स्वार्थ से नहीं, बल्कि अपने क्षेत्रों के विकास, कार्यकर्ताओं के सम्मान और जनता के हित के लिए शिवसेना में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि सभी सांसदों ने अपने-अपने मतदारसंघों के कार्यकर्ताओं और जनता से चर्चा के बाद यह फैसला लिया है। शिंदे ने भरोसा दिलाया कि इन सांसदों के क्षेत्रों में विकास कार्यों, अधूरी परियोजनाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार होने के कारण केंद्र और राज्य के समन्वय से विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी।

 

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि 2022 में उनके फैसले की आलोचना करने वाले लोग दावा कर रहे थे कि एक भी विधायक दोबारा नहीं चुना जाएगा, लेकिन जनता ने उनके निर्णय को स्वीकार किया और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि जीतकर आए। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में राज्य में विकास कार्यों को नई गति मिली है और सरकार की योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचा है।

 

‘ऑपरेशन टाइगर’ का जिक्र करते हुए शिंदे ने कहा कि यह अभियान पूरी तरह सफल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आज शिवसेना में शामिल हुए सभी छह सांसद भविष्य में भी धनुष-बाण चुनाव चिह्न पर चुनाव जीतकर संसद पहुंचेंगे। कार्यक्रम में सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे, कई मंत्री, सांसद, विधायक और बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com