- राज्य बोर्ड का बड़ा फैसला
मुंबई (सं. भा.) : महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने प्राइवेट छात्रों के लिए एक राहतभरी घोषणा करते हुए पहली बार 10वीं (SSC) और 12वीं (HSC) की जुलाई-अगस्त में होने वाली पूरक परीक्षा में बैठने की अनुमति दे दी है। इससे पहले प्राइवेट छात्रों को केवल फरवरी-मार्च में आयोजित होने वाली मुख्य परीक्षा में शामिल होने की ही सुविधा प्राप्त थी।
बोर्ड के इस फैसले का उद्देश्य उन छात्रों को लाभ पहुंचाना है, जो किसी कारणवश निर्धारित समय सीमा में फॉर्म नंबर 17 भरने से वंचित रह जाते हैं और जिनका पूरा शैक्षणिक वर्ष प्रभावित हो जाता है। अब ऐसे छात्र पूरक परीक्षा में शामिल होकर अपना साल बचा सकेंगे।
बोर्ड के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 अप्रैल से शुरू होगी और एक महीने तक चलेगी। आवेदन केवल ऑनलाइन ही स्वीकार किए जाएंगे। इच्छुक छात्र जिस स्कूल या जूनियर कॉलेज के माध्यम से परीक्षा में शामिल होना चाहते हैं, वहां पहले आवश्यक जानकारी प्राप्त कर लें, उसके बाद ही आवेदन करें।
प्रक्रिया के तहत छात्रों को आवेदन पत्र की प्रिंटआउट, फीस की रसीद और मूल दस्तावेज संबंधित स्कूल या कॉलेज में जमा करने होंगे। परीक्षा शुल्क केवल ऑनलाइन माध्यम से (डेबिट कार्ड/क्रेडिट कार्ड/यूपीआई/नेट बैंकिंग) स्वीकार किया जाएगा।
दिव्यांग छात्रों को वैध प्रमाणपत्र (UDID कार्ड या किसी अधिकृत अस्पताल की रिपोर्ट) संलग्न करना अनिवार्य होगा। जिन छात्रों के पास लिविंग सर्टिफिकेट है, उन्हें उसकी मूल प्रति अनिवार्य रूप से अपलोड करनी होगी।
तकनीकी सहायता के लिए बोर्ड द्वारा हेल्पलाइन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिसकी जानकारी बोर्ड की वेबसाइट www.mahahsscboard.in पर उपलब्ध है।


