- व्हाट्सएप चैनल से नागरिकों से सीधे संवाद की पहल
मीरा-भाईंदर (सं. भा.) : नागरिकों से बेहतर संवाद और पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से मीरा-भाईंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय (MBVV) ने अपने आधिकारिक व्हाट्सएप चैनल की शुरुआत की है। पुलिस आयुक्त मधुकर पांडे की संकल्पना से शुरू किए गए इस डिजिटल प्रयास को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की 100 दिवसीय कार्ययोजना के सात सूत्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत शामिल किया गया है।
रविवार को आयुक्त मधुकर पांडे ने इस व्हाट्सएप चैनल का उद्घाटन किया, जिसे पहले ही दिन नागरिकों से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली। लॉन्च होते ही फॉलोवर्स की संख्या 5000 के पार पहुंच गई।
आज के डिजिटल युग में तकनीक को माध्यम बनाकर प्रशासन और आम नागरिकों के बीच संवाद को अधिक प्रभावी और सहज बनाया जा रहा है। इस दिशा में MBVV पुलिस का यह कदम एक नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। सोशल मीडिया की ताकत का उपयोग करते हुए यह व्हाट्सएप चैनल पुलिस और नागरिकों के बीच संवाद का नया सेतु बनेगा।
इस पहल का उद्देश्य है — पारदर्शिता को बढ़ावा देना, प्रशासनिक सूचनाओं को त्वरित रूप से आम लोगों तक पहुंचाना और आपातकालीन अथवा जनहित की जानकारी तुरंत साझा करना।


