बच्चों की पढ़ाई से लेकर स्वास्थ्य और व्यवहार तक पर होगी चर्चा
मुंबई (सं.भा.) बच्चों की पढ़ाई और उनके सर्वांगीण विकास में मां की भूमिका को और मजबूत करने के लिए महाराष्ट्र के स्कूलों में नई पहल शुरू की जा रही है। अब राज्य के सभी माध्यमों और सभी प्रबंधन के स्कूलों में साल में चार बार माता-पालक शैक्षिक सम्मेलन आयोजित करना अनिवार्य होगा। इस दौरान स्कूल प्रशासन और शिक्षक बच्चों की शैक्षणिक प्रगति के साथ उनकी उपस्थिति, व्यवहार, स्वास्थ्य, पोषण और रुचियों को लेकर माताओं से सीधे संवाद करेंगे।
शिक्षा विभाग के निर्देश के अनुसार प्रत्येक शैक्षणिक वर्ष में जुलाई, अक्टूबर, जनवरी और अप्रैल के पहले शनिवार को यह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। शिक्षा आयुक्त सचिन्द्र प्रताप सिंह ने स्पष्ट किया है कि इसे सामान्य अभिभावक बैठक की तरह औपचारिकता तक सीमित नहीं रखा जाए, बल्कि माताओं के साथ बच्चों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा की जाए।
माताओं को बच्चों के साथ रोजाना कम से कम 20 मिनट बिताने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया है। इस दौरान बच्चे ने स्कूल में क्या पढ़ा, उसे कौन सा विषय पसंद है, क्या समझने में परेशानी हो रही है, उसने कौन सी कहानी पढ़ी या उसे कौन सा खेल पसंद है, जैसे विषयों पर बातचीत करने का सुझाव दिया गया है।
छोटे बच्चों के लिए पढ़ने, लिखने और गिनती जैसी गतिविधियों को खेल-खेल में कराने पर जोर दिया गया है। शिक्षा विभाग का मानना है कि स्कूल और घर के बीच बेहतर संवाद से बच्चों की पढ़ाई के साथ उनके व्यवहार, रुचि और व्यक्तिगत विकास पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।


