spot_img
Homeउत्तर प्रदेशमनीष हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, दो 25-25 हजार के इनामी गिरफ्तार

मनीष हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, दो 25-25 हजार के इनामी गिरफ्तार

फतेहपुर (सं.भा.) उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के असनी गांव में हुई मनीष की हत्या के मामले में पुलिस ने दो 25-25 हजार रुपये के इनामी वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इन्द्रेश विक्रम सिंह उर्फ मनू सिंह और अमन सिंह उर्फ अखिलेन्द्र विक्रम सिंह के रूप में हुई है। दोनों को लखनऊ के निजामपुर मल्हौर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, 30 अगस्त की रात असनी स्थित शराब ठेके पर विवाद के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर मामला बढ़ गया। आरोप है कि अमन सिंह के उकसाने पर इन्द्रेश ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से मनीष के सीने में गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक के बेटे वैभव तिवारी की तहरीर पर हुसैनगंज थाने में हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। एएसपी फतेहपुर ज्ञान प्रकाश राय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि वारदात के बाद दोनों आरोपी कार से रायबरेली होते हुए लखनऊ पहुंचे थे, जहां से पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया।

गौरतलब है कि पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल फ्रॉन्क्स कार बरामद कर एमवी एक्ट के तहत सीज कर दी है। वहीं वारदात में प्रयुक्त लाइसेंसी रिवॉल्वर की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, जांच में कुछ अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com