भिवंडी(सं.भा.) ठाणे जिले के भिवंडी शहर में फूड पॉइजनिंग के मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। एक सप्ताह बीतने के बाद भी मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सात नए मरीजों को अस्पताल में भर्ती किए जाने के बाद प्रभावित लोगों की संख्या 145 तक पहुंच गई है। हालांकि कई मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं, लेकिन बड़ी संख्या में लोग अब भी उपचाराधीन हैं।
भिवंडी के खंडूपाडा क्षेत्र स्थित ‘फेमस शावरमा’ नामक दुकान से चिकन शावरमा और पिज्जा खाने के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने का सिलसिला शुरू हुआ था। 17 जून को सबसे पहले 11 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हुए थे, जिन्हें अगले दिन आईजीएम उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद लगातार नए मामले सामने आते गए और मरीजों की संख्या बढ़ती चली गई।
आईजीएम उपजिला अस्पताल के अनुसार सात नए मरीज भर्ती किए गए हैं। वहीं कई मरीज निजी अस्पतालों में भी इलाज करा रहे हैं। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में भर्ती हुए कई लोगों की हालत में सुधार हुआ है और उन्हें आवश्यक दवाइयों के साथ घर भेजा गया है।

अस्पताल के चिकित्साधिकारी डॉ. इजहार अंसारी ने बताया कि अब तक कुल 145 मरीज उपचार के लिए अस्पताल पहुंच चुके हैं। इनमें से करीब 45 मरीज पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किए जा चुके हैं, जबकि लगभग 100 मरीज अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं। स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।


