spot_img
Homeनवी मुंबईखारघर में एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड की कार्रवाई, लाखों की कोकीन और एमडी बरामद

खारघर में एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड की कार्रवाई, लाखों की कोकीन और एमडी बरामद

नवी मुंबई (सं.भा.)नशे का कारोबार युवाओं के भविष्य और समाज की सुरक्षा के लिए लगातार गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। इसी खतरे को देखते हुए नवी मुंबई पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड लगातार ड्रग्स तस्करों पर शिकंजा कस रही है। इसी अभियान के तहत खारघर इलाके में की गई एक कार्रवाई में पुलिस ने एक विदेशी नागरिक को गिरफ्तार कर लाखों रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए हैं।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि खारघर के सेक्टर-36 क्षेत्र में एक विदेशी नागरिक ड्रग्स की खेप लेकर बिक्री के लिए आने वाला है। सूचना के आधार पर एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड ने इलाके में जाल बिछाया और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। तय स्थान पर पहुंचते ही पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसकी तलाशी ली।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से उच्च गुणवत्ता वाली कोकीन और मेफेड्रोन (एमडी) बरामद की गई, जिसकी कुल कीमत लगभग 8 लाख 19 हजार रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उमुन्ना अंदुबुसी विलियम्स के रूप में हुई है, जो नाइजीरिया का नागरिक बताया जा रहा है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को इस ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े एक अन्य नाइजीरियाई नागरिक के बारे में भी जानकारी मिली है। जांच एजेंसियों को संदेह है कि बरामद मादक पदार्थ उसी व्यक्ति द्वारा मुख्य आरोपी तक पहुंचाए गए थे। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और नेटवर्क के अन्य संभावित सदस्यों की भी जांच की जा रही है।

यह कार्रवाई नवी मुंबई क्राइम ब्रांच के एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड द्वारा वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संदीप निगड़े के मार्गदर्शन में की गई। मामले में खारघर पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब ड्रग्स सप्लाई चेन, वित्तीय लेन-देन और अंतरराज्यीय अथवा अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की जांच कर रही है। मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक मिलिंद फड़तरे के नेतृत्व में जारी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com