इसके बावजूद मनपा करती है वाहनों पर कार्रवाई
वसई (सं. भा.) : राज्य की सभी महानगर पालिकाओं में पार्किंग जोन बनाकर वाहनों को पार्क करने की सुविधा दी जाती है। लेकिन वसई-विरार में पार्किंग जोन नहीं होने से यहां पार्किंग की समस्या बढ़ती जा रही है। यहां पार्किंग जोन के लिए आरक्षित भूखंडों पर हुए अतिक्रमण की सजा वसईकरों को भुगतनी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि एक तो मनपा के पास पार्किंग जोन नहीं है और दूसरी ओर वाहनों पर कार्रवाई कर रही है।
उल्लेखनीय है कि पार्किंग न होने से लोग अपने वाहन कहीं भी पार्क कर देते हैं, जिसकी वजह से ट्रैफिक जाम हो जाता है। इस समस्या को लेकर सांसद ने कई बार मनपा को पत्र लिखा है, लेकिन काम नहीं बना। इधर, मनपा व पुलिस विभाग ने अवैध तरीके से पार्क किए गए वाहनों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। इससे लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि पार्किंग जोन नहीं है, तो हम वाहन पार्क कहां करें? इस कार्रवाई से मुश्किलें बढ़ गई हैं।
मनपा पुलिस की कार्रवाई पर बीजेपी ने भी नाराजगी जताई है। बीजेपी नेता मनोज बारोट ने मनपा आयुक्त अनिल पवार व ट्रैफिक विभाग को पत्र लिखकर पहले पार्किंग जोन बनाने की मांग की है। बारोट ने कहा कि यहां वाहनों की संख्या बढ़ती जा रही है। पार्किंग की सुविधा होनी ही है।


