मुंबई (सं. भा.)। कांदिवली पश्चिम, गणेश नगर स्थित के.डी. कंपाउंड में सिद्धिविनायक गृहनिर्माण संस्था (नियोजित) के अध्यक्ष विजय पाल और उसके परिवार के खिलाफ लगाए गए बैनर को लेकर लोग चटखारे लेकर तरह-तरह की बातें बनाते दिख रहे हैं। उक्त बैनर में विजय पाल के अलावा उसकी पत्नी, बेटा और बहु का फोटो छापा गया है। वह बैनर आम झोपड़ाधारक व रहिवासी की ओर से लगाया गया है। उसमें विजय पाल और उसके परिवार की पोल खोलते हुए बिल्डर से पैसा लेने का आरोप लगाया गया है।
गौरतलब है कि के.डी. कंपाउंड के ७७६ झोपड़ा धारकों ने झोपड़पट्टी पुनर्वसन योजना (एसआरए) को क्रियान्वित करने के लिए सिद्धिविनायक गृहनिर्माण संस्था (नियोजित) बना कर विजय पाल को उसका अध्यक्ष बनाया है। झोपड़ाधारकों का आरोप है कि जब से विजय पाल सोसायटी का अध्यक्ष बना है तब से ही वह यहां एसआरए स्कीम को लागू करवाने के बहाने अलग-अलग बिल्डरों से तोलमोल कर मोटी कमाई करता रहा है। वजिय पाल के इस रवैये से वहां के झोपड़ाधारक भी अब काफी हद तक परेशान हाल हो चुके हैं। अंत में उन लोगों ने सोसायटी के अध्यक्ष विजय पाल और उसके परिवार का फोटो लगा बैनर इलाके में टांग दिए हैं। बैनर में सबसे उपर लिखा है श्री सिद्धिविनायक सोसायटी के सौदागर, पाल परिवार के चार लोग बाप-बेटा, पत्नी, बहु। उसके बाद उन चारों के फोटो लगाए गए हैं। विजय पाल के फोटो के नीचे १८ लाख १५ हजार रुपए, उसकी पत्नी सावित्री पाल के फोटो के नीचे १ लाख २५ हजार रुपए, बेटे प्रमोद पाल के फोटो के नीचे १ करोड़ २३ लाख रुपए और बहु पुष्पा पाल की फोटो के नीचे ५ लाख ५ हजार रुपए लिखा गया है। यह कुल रकम १ करोड़ ४७ लाख रुपए का विवरण मोदी बिल्डर द्वारा उपलब्ध कराए जाने का दावा भी उक्त बैनर में किया गया है। साथ ही लिखा गया है कि उन्हें यह जानकारी स्वंम मोदी बिल्डर द्वारा उपलब्ध कराया गया है जिसने सारस्वत बैंक के चेक से विजय पाल और उसके परिवार को यह रकम दी है। झोपड़ा धारकों को सतर्क रहने की नसीहत देते हुए बैनर पर यह भी लिखा गया है की अभी तो यह टोकन मनी है। मोटी रकम आनी बाकी है। बिल्डर से बिका हुआ इंसान आप को आपका घर नही दिला सकता है। झोपड़ा धारकों सतर्क हो जाईए, अपने घर की रक्षा स्वयं किजीए।
लोगों का आरोप है कि एसआरए के नाम पर विजय पाल ने अब तक यश बिल्डर्स एंड डेवलपर्स, मोदी स्पेस के अलावा श्रेया बिल्डर एंड डेवलपर्स के साथ तोलमोल कर चुका है और बड़ी रकम ऐंठ चुका है।
सूत्र यह भी बताते हैं कि बिल्डरों से एसआरए के नाम पर लिए गए पैसे से विजय पाल का बेटा प्रमोद इन दिनों उत्तर प्रदेश में उन्नाव से जिला पंचायत का चुनाव लड़ने की पूरी तैयारी में जुटा हुआ है। वह उन्नाव जिले के पाल्हेपुर, उँचगांव का रहने वाला बताया जाता है।


