spot_img
Homeमहाराष्ट्रलोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ रैली में पीयूष गोयल का विपक्ष पर हमला

लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ रैली में पीयूष गोयल का विपक्ष पर हमला

मुंबई, (सं. भा.) लोकतंत्र, संवैधानिक संस्थाओं और चुनावी व्यवस्था को लेकर विपक्ष की बयानबाजी के विरोध में उत्तर मुंबई में भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति ने अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। केंद्रीय वाणिज्य मंत्री एवं उत्तर मुंबई के सांसद पीयूष गोयल की अगुवाई में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ विशाल पदयात्रा निकाली गई। बोरीवली से कांदिवली तक निकली इस रैली में भाजपा, शिवसेना (शिंदे गुट), राष्ट्रवादी कांग्रेस और आरपीआई के नेताओं, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं, वकीलों, डॉक्टरों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

पदयात्रा का शुभारंभ बोरीवली पश्चिम स्थित स्वामी विवेकानंद प्रतिमा, गोरा गांधी क्षेत्र से हुआ। यहां से शुरू हुई रैली विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए कांदिवली पश्चिम के महावीर नगर मैदान पहुंची। पूरे मार्ग में कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर लोकतंत्र की रक्षा और देश के सम्मान से जुड़े नारे लगाते रहे। रैली के समापन स्थल पर आयोजित विशाल जनसभा में पीयूष गोयल ने विपक्ष की भूमिका और उसकी बयानबाजी पर सवाल उठाते हुए कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज की पावन भूमि महाराष्ट्र में किसी को भी अराजकता फैलाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी की भाषा पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि सत्ता गंवाने के बाद कांग्रेस के नेता दिशाहीन हो चुके हैं।

गोयल ने चुनाव आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं पर विपक्ष की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था का सम्मान करना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है। सभा में उन्होंने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देश की एकता और अखंडता के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई। रैली के दौरान ‘लोकतंत्र बचाओ’ और ‘देश का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान’ जैसे संदेशों वाली तख्तियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं।

इस विशाल आयोजन में पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी, प्रवीण दरेकर, महाराष्ट्र भाजपा महासचिव एवं विधायक योगेश सागर, विधायक अतुल भातखलकर, मनीषा चौधरी, संजय उपाध्याय, प्रकाश सुर्वे, सभागृह नेता गणेश खणकर, प्रकाश दरेकर, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक बाला तावड़े, मुंबई भाजपा महासचिव विनोद शेलार, आरपीआई नेता रमेश गायकवाड़ और राष्ट्रवादी कांग्रेस नेता इंद्रपाल सिंह सहित महायुति के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, नगरसेवक और कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक बाला तावड़े ने कार्यक्रम की प्रस्तावना रखी। राष्ट्रगान के साथ जनसभा का समापन हुआ।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com