मुंबई (सं.भा.) अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा सर्वोपरि है, लेकिन यदि अस्पताल की इमारतों में ही आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम न हों तो यह गंभीर चिंता का विषय है। मुंबई के नायर अस्पताल की सातों इमारतों में अग्निसुरक्षा से जुड़ी कमियां सामने आने के बाद बीएमसी ने इन्हें दूर करने का फैसला किया है। इसके लिए करीब 18 करोड़ रुपये खर्च किए जाए
दरअसल, सरकारी और निजी अस्पतालों में आग की घटनाओं के बाद बीएमसी के अग्निशमन विभाग ने महानगरपालिका के अस्पतालों का फायर ऑडिट कराया था। जांच में कई अस्पतालों में अग्निशमन उपकरणों की कमी और कुछ स्थानों पर मौजूदा व्यवस्था बंद होने की जानकारी सामने आई। नायर अस्पताल की सभी सात इमारतों में भी अग्निसुरक्षा से संबंधित खामियां पाई गईं।
इन कमियों को दूर करने के लिए मैन्युअल फायर अलार्म, कंट्रोल पैनल, बूस्टर पंप, स्प्रिंकलर सिस्टम और स्मोक डिटेक्टर लगाए जाएंगे। इस परियोजना के लिए ओमेक्स कंट्रोल सिस्टम कंपनी का चयन किया गया है। अगले दो वर्षों में सभी कार्य पूरे करने की योजना है।
नायर अस्पताल में वार्ड, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर और आपातकालीन विभाग 24 घंटे संचालित रहते हैं। यहां बड़ी संख्या में मरीजों, डॉक्टरों, कर्मचारियों और परिजनों का आवागमन होता है। इसके अलावा उच्च विद्युत क्षमता वाले चिकित्सा उपकरणों का लगातार इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में आग लगने की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता है।
अग्निसुरक्षा से जुड़े कार्यों को सुचारु रूप से पूरा कराने के लिए बीएमसी ने उपआयुक्त (सार्वजनिक स्वास्थ्य) की अध्यक्षता में समिति भी गठित की है। प्रशासन के अनुसार, फायर ऑडिट में सामने आई कमियों को चरणबद्ध तरीके से दूर किया जाएगा, ताकि अस्पताल में आने वाले मरीजों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


