spot_img
Homeमहाराष्ट्र"एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत 25 पौधों का रोपण,...

“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत 25 पौधों का रोपण, समाज को दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

भाईंदर (सं.भा.)। बढ़ते पर्यावरणीय संकट के बीच समाज को हरियाली और प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मीरा रोड में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान चलाया गया। अखिल विश्व गायत्री परिवार की सह-संस्थापिका वंदनीया माताजी भगवती देवी शर्मा की 100वीं जन्मशताब्दी के अवसर पर सृष्टि फाउंडेशन और गायत्री परिवार के संयुक्त तत्वावधान में साईं बाबा नगर स्थित समाज मंदिर सभागृह परिसर में 25 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण, मातृ सम्मान और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान “आओ पेड़ लगाएँ, धरती को मुस्कुराएँ” के नारे के साथ संस्था के पदाधिकारियों, स्थानीय नागरिकों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने मिलकर नीम, जामुन और कटहल सहित कुल 25 पौधे लगाए। अभियान का उद्देश्य समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ परिवार और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना था।
सृष्टि फाउंडेशन के अध्यक्ष बिपिन गुप्ता ने कहा कि पेड़ हजारों जीवों के जीवन का आधार हैं। स्वच्छ हवा, स्वस्थ जीवन और सुरक्षित भविष्य के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने चाहिए। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि धरती और माँ—दोनों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक संकल्प है।
गायत्री परिवार के स्थानीय संयोजक ने कहा कि वंदनीया माताजी भगवती देवी शर्मा के आदर्शों से प्रेरणा लेकर यह पहल की गई है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण मिल सके। उन्होंने लोगों से पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने का भी आह्वान किया।
आयोजकों ने बताया कि लगाए गए सभी पौधों की नियमित देखभाल और जलसिंचन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी तथा स्थानीय नागरिकों को भी इस अभियान से जोड़कर पर्यावरण संरक्षण की मुहिम को जनआंदोलन बनाया जाएगा।
इस अवसर पर भीलेन्द्र येडे, गायत्री येडे, रमाशंकर पाल, अनिल अग्रवाल, प्रीति रॉय, मनीष शर्मा, डी.के. शर्मा, मीरा दीदी, अनिता रेजा, पूर्वी पंड्या, अविनाश, प्रशांत मांजरेकर, करण भाई सहित गायत्री परिवार एवं सृष्टि फाउंडेशन के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com