मुंबई (सं.भा.) मुंबई में महिलाओं और युवतियों के खिलाफ बढ़ते अपराधों के बीच कांदिवली की 12वीं कक्षा की छात्रा सिद्धि विश्वकर्मा की निर्मम हत्या ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बावजूद लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ है और दोषी को शीघ्र एवं कठोरतम सजा दिलाने की मांग लगातार तेज हो रही है। इसी को लेकर रविवार को विश्वकर्मा समाज बड़ी संख्या में सड़कों पर उतर आया।
पूर्व सांसद एवं शिवसेना के वरिष्ठ नेता संजय निरुपम के नेतृत्व में समता नगर पुलिस थाने के बाहर आयोजित प्रदर्शन में मुंबई और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने “सिद्धि को न्याय दो” के नारे लगाते हुए आरोपी सुरेश वाघमारे के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई और त्वरित न्याय की मांग की।
प्रदर्शन के बाद समाज के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर मामले की जल्द जांच पूरी करने, मजबूत आरोपपत्र दाखिल करने और फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई सुनिश्चित करने की मांग की। संजय निरुपम ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी पहला कदम है, लेकिन वास्तविक न्याय तभी होगा जब दोषी को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा मिले।
समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि एयर होस्टेस बनने का सपना देखने वाली सिद्धि की हत्या ने पूरे समाज को गहरे सदमे में डाल दिया है। प्रदर्शनकारियों ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग करते हुए कहा कि सिद्धि को न्याय मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
सिद्धि हत्याकांड पर फूटा जनाक्रोश, न्याय की मांग को लेकर विश्वकर्मा समाज का प्रदर्शन
RELATED ARTICLES


