spot_img
Homeमुंबईकवि लेखक पत्रकार व संपादक संजय अमान का निधन

कवि लेखक पत्रकार व संपादक संजय अमान का निधन

मुंबई (सं.भा.): मुंबई महानगर के जाने-माने कवि, पत्रकार व लेखक तथा गाय पर आधारित भारत के पहले समाचार पत्र गऊ भारत भारती के संपादक संजय शर्मा अमान का रविवार की रात मुंबई में निधन हो गया। बता दे कि गोरखपुर के चौरीचौरा में जन्में संजय अमान ने बहुत कम उम्र में ही पत्रकारिता, साहित्य सेवा व लेखन कार्य शुरू कर दिया था। वे विविध तरह की साहित्यिक, सामाजिक व सांस्कृतिक गतिविधियों में पिछले दो दशकों से ज्यादा समय से मुंबई में सक्रिय रहे। वह फिल्म व म्यूजिक प्रोड्यूसर सैन मीडिया एंड एंटरटेनमेंट, साई सामी एडवरटाइजिंग तथा गऊ भारत भारती पेट्रोलियम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक भी थे। गाय आधारित अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहित करने के लिए पूरे देश में जाने जाते थे। गौ रक्षक सेवा ट्रस्ट तथा सालाना गऊ ग्राम महोत्सव के जरिए वे अनेक तरह के सामाजिक कार्य करते थे। उनकी काव्य कृति पैबंद व लैम्पपोस्ट को काफी प्रसिद्धि मिली थी। वह हर साल अपने अखबार गऊ भारत भारती की वर्षगांठ व सम्मान समारोह को बड़ी धूमधाम से मानते थे। अभी 28 सितंबर 2025 को जुहू के इस्कॉन सभागार में उन्होंने गऊ भारत भारती की 11वीं वर्षगांठ व राष्ट्र सेवा सम्मान के रूप में एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया था। 13 दिसंबर को उन्होंने गऊ भारत भारती पॉडकास्ट वार्तालाप भी शुरू किया था। संजय अमान के असामयिक निधन से मुंबई ने गौ सेवा के प्रति एक समर्पित पत्रकार व संपादक को खो दिया है इसमें कोई दो राय नहीं है। संगठन भारत परिवार की ओर से उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com