मुंबई(सं. भा.): बीएमसी चुनाव से पहले राजनीतिक तापमान बढ़ने लगा है और इसी बीच मुंबई कांग्रेस ने शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है। मरीन ड्राइव पर आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि लापरवाह नीतियों और बिना योजना वाले विकास कार्यों ने मुंबई की हवा को खतरनाक स्तर पर पहुँचा दिया है। पार्टी ने स्पष्ट किया कि स्वच्छ हवा सिर्फ चुनावी मुद्दा नहीं, बल्कि मुंबईकरों का अधिकार है, जिसे लेकर कांग्रेस संघर्ष करेगी।
मरीन ड्राइव पर ‘स्वच्छ हवा मुंबईकरों का मूलभूत अधिकार’ अभियान के तहत मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड ने सरकार और बीएमसी प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि शहर में प्रदूषण तेजी से बढ़ रहा है और नागरिक लगातार स्वास्थ्य समस्याओं का सामना कर रहे हैं। सड़क निर्माण, कंस्ट्रक्शन गतिविधियों और पेड़ों की कटाई पर नियंत्रण न होने से हालात और बिगड़े हैं।
कांग्रेस ने इस मौके पर मुंबईकरों के लिए 10-सूत्रीय क्लीन एयर एक्शन प्लान जारी किया। पार्टी का दावा है कि बीएमसी में सत्ता मिलने पर वह हवा की गुणवत्ता सुधारने के लिए वैज्ञानिक और ठोस उपाय लागू करेगी।
पूर्व मंत्री असलम शेख ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा—
“प्रदूषण-मुक्त शहर हर मुंबईकर का मौलिक अधिकार है। अगर विकास की कीमत नागरिकों के स्वास्थ्य से चुकानी पड़े, तो ऐसे विकास का कोई महत्व नहीं। हमने वायु प्रदूषण के खिलाफ ठोस कार्ययोजना और उपायों वाला घोषणापत्र जारी किया है।”
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह लड़ाई राजनीतिक नहीं, बल्कि मुंबईकरों के स्वास्थ्य और भविष्य की है।
इस मौके पर एआईसीसी सचिव सचिन सावंत, विधायक अमीन पटेल, डॉ. ज्योति गायकवाड, मधु चव्हाण, प्रणिल नायर, सुरेशचंद्र राजहंस, अखिलेश यादव, हरगुन सिंह, कचरू यादव, अर्शद आजमी, भावना जैन, केतन शाह, राजपति यादव सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कांग्रेस ने दोहराया कि वह मुंबईकरों के स्वच्छ हवा के अधिकार को लेकर आंदोलन जारी रखेगी और वायु प्रदूषण पर काबू पाने के लिए व्यावहारिक नीति लागू करेगी।


