मुंबई (सं.भा.)आगामी मानसून को देखते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने जलभराव की समस्या से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर की प्रमुख जलधारा मीठी नदी सहित छोटे-बड़े नालों की सफाई युद्धस्तर पर की जा रही है। लक्ष्य है कि बारिश शुरू होने से पहले सभी जलनिकासी मार्ग पूरी तरह साफ हों, ताकि बाढ़ जैसी स्थिति से बचा जा सके। प्रशासन इस बार सफाई कार्य की निगरानी भी तकनीकी माध्यमों से कर रहा है।
मनपा के अतिरिक्त आयुक्त अभिजीत बांगर ने शनिवार को विभिन्न स्थलों का दौरा कर सफाई कार्य का जायजा लिया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जहां हर साल जलभराव की समस्या होती है, वहां विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि पानी का प्रवाह बाधित न हो, इसके लिए नालों और नदी से गाद समय पर हटाना बेहद जरूरी है।

सफाई कार्य की निगरानी के लिए इस बार कंप्यूटरीकृत डैशबोर्ड प्रणाली लागू की गई है, जिसमें हर दिन सफाई कार्य की प्रगति दर्ज की जाएगी। इससे न केवल प्रशासन को निगरानी में मदद मिलेगी, बल्कि नागरिक भी अपने क्षेत्र में चल रहे काम की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
BMC ने नाला सफाई अभियान की शुरुआत 12 मार्च से की थी और इसे 31 मई तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मीठी नदी के विभिन्न हिस्सों में तीन चरणों में सफाई कार्य जारी है।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि ठेकेदारों को तय मानकों के अनुसार काम करना होगा और गाद निकालने का कार्य समय पर पूरा होने के बाद ही भुगतान किया जाएगा। इसके साथ ही जहां संभव हो, कचरा अवरोधक प्रणाली लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि समुद्र में जाने वाले कचरे को रोका जा सके।


