मुंबई (सं.भा.) महाराष्ट्र में शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को लेकर सरकार ने बड़ा और सख्त फैसला लिया है। अब राज्य में किसी भी शिक्षक की नियुक्ति केवल “पवित्र पोर्टल” के माध्यम से ही मान्य होगी। हाई कोर्ट की सख्त टिप्पणी के बाद सरकार ने यह कदम उठाया है, ताकि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जा सके। इसके साथ ही पुरानी भर्तियों की जांच के आदेश देकर सरकार ने साफ संकेत दिया है कि नियमों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
स्कूली शिक्षा विभाग द्वारा जारी सरकारी आदेश (जीआर) के अनुसार, पवित्र पोर्टल को दरकिनार कर की गई किसी भी नियुक्ति को मान्यता नहीं दी जाएगी। वर्ष 2017 के बाद हुई सभी शिक्षक भर्तियों की विस्तृत जांच कराई जाएगी, जिसमें निजी, अनुदानित और आंशिक अनुदानित स्कूल शामिल हैं।
इस जांच के लिए राज्यभर में तीन सदस्यीय समितियों का गठन किया जाएगा, जो सभी मामलों की समीक्षा कर 15 मई 2026 तक अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेंगी। हाल के दिनों में हाई कोर्ट ने कुछ मामलों में अनियमितताओं पर कड़ी नाराजगी जताई थी, जहां संस्थाओं ने पोर्टल के बाहर भर्ती कर उसे वैध ठहराने की कोशिश की।
नई मानक कार्यप्रणाली (SOP) के तहत अब पूरी भर्ती प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से पवित्र पोर्टल पर ही संचालित होगी। सभी शैक्षणिक संस्थाओं के लिए पोर्टल पर लॉगिन आईडी लेना अनिवार्य किया गया है। सरकार का मानना है कि इस कदम से भर्ती प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, समयबद्ध और निष्पक्ष बन सकेगी।
महाराष्ट्र में शिक्षक भर्ती पर सख्त नियम, बिना पवित्र पोर्टल नियुक्ति अमान्य
RELATED ARTICLES


