spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईअतिरिक्त निर्माण पर भी लगेगा संपत्ति कर, मनपा कराएगी सर्वे

अतिरिक्त निर्माण पर भी लगेगा संपत्ति कर, मनपा कराएगी सर्वे

मीरा-भाईंदर, (सं.भा.) शहर में बिना संपत्ति कर निर्धारण के चल रहे निर्माणों और पुरानी इमारतों में किए गए अतिरिक्त विस्तार पर अब मीरा-भाईंदर महानगरपालिका की नजर रहेगी। मनपा ने ऐसे सभी निर्माणों को चिह्नित कर संपत्ति कर के दायरे में लाने का फैसला किया है। इसके लिए संपत्ति मालिकों को 31 मार्च 2027 तक संबंधित कर विभाग में आवेदन करने का अवसर दिया गया है। इसके बाद 1 अप्रैल 2027 से ऐसी संपत्तियों पर नियमानुसार कर लगाया जाएगा। मनपा की स्थगित आमसभा में भाजपा नगरसेविका ज्योत्सना हसनाले द्वारा पेश किए गए प्रस्ताव को बहुमत से मंजूरी मिल गई। शहर में बड़ी संख्या में ऐसी संपत्तियां हैं, जिनका अब तक संपत्ति कर निर्धारित नहीं हुआ है। वहीं, कई पुरानी इमारतों में अतिरिक्त निर्माण और विस्तार किए जाने के बावजूद उसी पुराने क्षेत्रफल के आधार पर कर वसूला जा रहा है। इससे मनपा को राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है। इन संपत्तियों की पहचान के लिए ठेकेदार नियुक्त करने और सर्वे कराने का प्रस्ताव भी सदन में चर्चा का विषय बना। कांग्रेस नगरसेवक अनिल सावंत ने इसका विरोध करते हुए आरोप लगाया कि पहले नियुक्त ठेकेदार ने कई अतिरिक्त निर्माणों की जानकारी उजागर नहीं की और संपत्ति मालिकों के साथ मिलीभगत कर वित्तीय समझौते किए। अनिल सावंत ने सवाल उठाया कि जब पहले से सर्वे का ठेका दिया जा चुका है, तो दोबारा ठेकेदार नियुक्त करने पर 29 करोड़ रुपये खर्च करना मनपा के लिए आर्थिक नुकसान साबित हो सकता है। वहीं, उपमहापौर ध्रुवकिशोर पाटिल ने ठेकेदार की नियुक्ति का समर्थन करते हुए कहा कि मनपा में कर्मचारियों की कमी के कारण इतने बड़े पैमाने पर सर्वे निर्धारित समय में पूरा करना मुश्किल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ठेकेदार को कोई निश्चित रकम नहीं दी जाएगी, बल्कि उसके द्वारा खोजी गई संपत्तियों के मूल्यांकित कर योग्य मूल्य का लगभग 10 प्रतिशत भुगतान किया जाएगा। आमसभा में इस मुद्दे पर कांग्रेस की ओर से विरोधी प्रस्ताव पेश किए जाने के बाद महापौर डिंपल मेहता ने नगर सचिव दिनेश कांगुडे को ज्योत्सना हसनाले के प्रस्ताव पर भी मतदान कराने का निर्देश दिया। मतदान में हसनाले के प्रस्ताव को बहुमत का समर्थन मिला और उसे मंजूरी दे दी गई। अब मनपा प्रशासन शहर की उन सभी संपत्तियों का सर्वे कराने की तैयारी में है, जो अब तक संपत्ति कर के दायरे से बाहर हैं या जिनमें अतिरिक्त निर्माण के बावजूद बढ़े हुए क्षेत्रफल के अनुसार कर निर्धारित नहीं किया गया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com