- 20 का होगा चयन
अयोध्या (सं. भा.) अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा निर्माणाधीन राम मंदिर में पुजारी पद के लिए 3 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। उनमें से 200 को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया है। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि ने सोमवार को बताया कि साक्षात्कारकर्ताओं का तीन सदस्यीय पैनल इन चयनित अभ्यर्थियों से अयोध्या स्थित विश्व हिन्दू परिषद के मुख्यालय कारसेवक पुरम में साक्षात्कार कर रहा है। उनके अनुसार पैनल में वृंदावन के प्रसिद्ध हिंदू उपदेशक जयकांत मिश्रा और अयोध्या के दो महंत मिथिलेश नंदिनी शरण और सत्यनारायण दास शामिल हैं। गिरि ने बताया कि साक्षात्कार के जरिये पुजारी की नौकरी के लिए 20 उम्मीदवार चुने जाएंगे।

साक्षात्कार के दौरान अभ्यर्थियों से संध्या वंदन क्या है, इसकी विधि क्या है और इस पूजा के मंत्र क्या हैं? भगवान राम की पूजा के लिए कौन-कौन से ‘मंत्र’ हैं और इसके लिए ‘कर्म कांड’ क्या हैं, इत्यादि प्रश्न पूछे जा रहे हैं। चयनित 20 उम्मीदवारों को कारसेवक पुरम में 6 महीने तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान उन्हें निःशुल्क आवास व भोजन मिलेगा एवं मानदेय के रूप में 2 हजार रुपए भी दिए जाएंगे।


