स्कूलों में छुट्टी, लोकल ट्रेनें भी प्रभावित
मुंबई (स भा): पिछले तीन दिनों से मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सोमवार (18 अगस्त) को बारिश ने मुंबईकरों को सबसे ज्यादा परेशान किया। भारतीय मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए मुंबई और ठाणे के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जिसके चलते भारी बारिश की संभावना है। इसे देखते हुए मुंबई के सभी स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।
मुख्यमंत्री ने लिया हालात का जायजा
राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस लगातार बारिश की स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। मुख्यमंत्री ने राज्य के बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का भी हाल जाना है। वे विभिन्न जिलों के जिलाधिकारियों से संपर्क में हैं और प्रभावित इलाकों की जानकारी ले रहे हैं। मुंबई सहित पश्चिमी उपनगरों में आज सुबह से ही तेज बारिश हो रही है। अंधेरी, जोगेश्वरी, गोरेगांव, मालाड, कांदिवली, बोरिवली, दहिसर, विलेपार्ले, सांताक्रूज और बांद्रा में बारिश का जोर देखने को मिल रहा है।
लोकल ट्रेन सेवा प्रभावित
लगातार बारिश का असर रेल यातायात पर भी पड़ा है। मानखुर्द, गोवंडी, कुर्ला और तिलक नगर में रेल की पटरियों पर पानी भर गया है, जिसके कारण लोकल ट्रेनें धीमी रफ्तार से चल रही हैं। हार्बर मार्ग पर लोकल ट्रेनें 20 से 25 मिनट की देरी से चल रही हैं। अगर बारिश और बढ़ती है तो लोकल सेवाओं पर और असर पड़ सकता है।
बीएमसी ने दी चेतावनी
मुंबई में भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए, छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी स्कूल और कॉलेजों में आज दोपहर के सत्र की छुट्टी घोषित की गई है। वहीं, मुंबई महानगरपालिका आयुक्त ने सभी एजेंसियों को सतर्क और तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि अगर आवश्यक न हो तो घर से बाहर न निकलें। भारतीय मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि मुंबई क्षेत्र में सोमवार (18 अगस्त) को अतिवृष्टि हो सकती है। इस बीच, यदि किसी नागरिक को मदद की आवश्यकता हो या आधिकारिक जानकारी चाहिए, तो वे बृहन्मुंबई महानगरपालिका के मुख्य नियंत्रण कक्ष के 1916 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।


