spot_img
Homeमहाराष्ट्रपीजी में दाखिले के 3 माह के भीतर पंजीकरण अनिवार्य

पीजी में दाखिले के 3 माह के भीतर पंजीकरण अनिवार्य

मुंबई (सं.भा.) महाराष्ट्र में स्नातकोत्तर चिकित्सा पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वाले डॉक्टरों के लिए अब पंजीकरण को लेकर लापरवाही भारी पड़ सकती है। महाराष्ट्र मेडिकल काउंसिल (MMC) ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि पीजी पाठ्यक्रम में दाखिला लेने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को प्रवेश के तीन महीने के भीतर काउंसिल में स्थायी पंजीकरण कराना होगा। अब अंतिम परीक्षा के समय या पाठ्यक्रम पूरा होने के बाद पंजीकरण कराने की व्यवस्था नहीं चलेगी।

एमएमसी ने 27 अगस्त को जारी परिपत्र में महाराष्ट्र के मेडिकल कॉलेजों में पीजी पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वाले सभी विद्यार्थियों के लिए समयसीमा निर्धारित की है। काउंसिल के संज्ञान में आया था कि कुछ विद्यार्थी पाठ्यक्रम पूरा होने या अंतिम परीक्षा के ठीक पहले पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करते हैं। इससे प्रशासनिक स्तर पर अनावश्यक परेशानी और देरी होती है।

नए निर्देश के तहत अब संबंधित मेडिकल कॉलेजों के डीन को प्रत्येक पीजी विद्यार्थी का पंजीकरण प्रवेश के तीन महीने के भीतर सुनिश्चित करना होगा। कॉलेज प्रशासन को पंजीकरण की स्थिति की नियमित निगरानी और उसका सत्यापन भी करना होगा। किसी भी विद्यार्थी को अंतिम परीक्षा तक पंजीकरण लंबित रखने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

एमएमसी का यह आदेश सरकारी, मनपा, निजी और मान्यता प्राप्त स्वायत्त मेडिकल कॉलेजों पर लागू होगा। काउंसिल ने सभी संबंधित कॉलेजों से निर्देशों का सख्ती से और समयबद्ध पालन सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही इसकी जानकारी संबंधित विभागों, पीजी शाखाओं और शिक्षकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com