spot_img
Homeमहाराष्ट्रगणेशोत्सव में सिर्फ चार दिन  आधी रात तक बजेंगे लाउडस्पीकर

गणेशोत्सव में सिर्फ चार दिन  आधी रात तक बजेंगे लाउडस्पीकर

मुंबई (सं.भा.) गणपति बप्पा के आगमन की तैयारियों के साथ ही उत्सव के दौरान लाउडस्पीकर के इस्तेमाल को लेकर जिलाधिकारी का आदेश जारी हो गया है। इस वर्ष मुंबई में गणेशोत्सव के दौरान सिर्फ चार दिन रात 12 बजे तक लाउडस्पीकर बजाने की अनुमति दी गई है। हालांकि, गौरतलब है कि निर्धारित किए गए सभी चार दिन विसर्जन से जुड़े हैं। ऐसे में गणेश मंडलों ने स्थानीय धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए एक दिन अतिरिक्त रात 12 बजे तक लाउडस्पीकर बजाने की अनुमति देने की मांग की है।

उच्च न्यायालय के निर्देश के अनुसार जिलाधिकारी को वर्ष में निर्धारित 15 दिनों में से विभिन्न त्योहारों के लिए रात 12 बजे तक लाउडस्पीकर बजाने की अनुमति वाले दिन तय करने का अधिकार है। इसी के तहत मुंबई उपनगर जिलाधिकारी ने गणेशोत्सव के लिए चार दिन निर्धारित किए हैं। जानकारी के अनुसार, 15 सितंबर को डेढ़ दिन का विसर्जन, 18 सितंबर को पांचवें दिन का विसर्जन, 19 सितंबर को गौरी विसर्जन और 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के दिन आधी रात तक लाउडस्पीकर बजाने की अनुमति रहेगी।

गणेशोत्सव समन्वय समिति का कहना है कि चारों दिन विसर्जन होने के कारण मंडलों के कार्यकर्ता विसर्जन व्यवस्था में व्यस्त रहते हैं। ऐसे में मंडलों द्वारा आयोजित धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए अलग से समय नहीं मिल पाता। समिति के अध्यक्ष एड. नरेश दाहिबावकर ने प्रशासन से मांग की है कि मंडलों के लिए एक दिन और रात 12 बजे तक लाउडस्पीकर बजाने की अनुमति दी जाए।

मुंबई में वर्ष के दौरान निर्धारित 15 दिनों में विभिन्न प्रमुख त्योहारों के लिए अलग-अलग दिन तय किए जाते हैं। इनमें नवरात्रि, दीपावली, क्रिसमस और ईद सहित अन्य त्योहार शामिल हैं। इसी सूची में गणेशोत्सव के लिए चार दिन निर्धारित किए गए हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com