मुंबई (सं. भा.)। मालाड पश्चिम के गोरसवाड़ी स्थित मनपा मैदान में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में 24 जोड़े वैदिक रीति-रिवाजों के साथ सात फेरों के बंधन में बंधे। सामाजिक सहयोग और सादगी के माहौल में संपन्न हुए इस आयोजन ने एक बार फिर सामूहिक विवाह की परंपरा को मजबूत किया।
जलाराम बापा सेवा मंडल और भाजपा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में ‘पं. दीनदयाल उपाध्याय कन्यादान योजना’ के तहत जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह कराया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गणपति पूजा से हुई, जिसके बाद पंडितों ने मंत्रोच्चार के बीच सभी जोड़ों के विवाह संस्कार पूरे कराए।
विवाह समारोह में पारंपरिक रीति-रिवाजों का पूरी श्रद्धा के साथ पालन किया गया। वर-वधू के परिजनों और अतिथियों की मौजूदगी में सभी धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए और माहौल उत्साह से भर गया।
चारकोप विधानसभा के विधायक योगेश सागर के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में समाजसेवियों और दानदाताओं ने सहयोग करते हुए नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए आवश्यक वस्तुएं भेंट कीं। इनमें सुहाग का जोड़ा, मंगलसूत्र, पायल, घरेलू उपयोग के सामान जैसे मिक्सर, कुकर, पंखा और स्टील के बर्तन शामिल थे।
इस अवसर पर पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी सहित कई जनप्रतिनिधियों और स्थानीय पदाधिकारियों ने उपस्थित रहकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
सेवा और सहयोग से सजे रिश्ते, मालाड में 24 जोड़ों का विवाह संपन्न
RELATED ARTICLES


